हनी के स्वजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए किया चक्का जाम
23 मार्च को चार लोगों ने शराब के ठेके के कारिदे की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।
संवाद सहयोगी, जंडियाला गुरु : पुलिस थाना जंडियाला गुरु के अंतर्गत गांव गहरी मंडी में गत 23 मार्च को चार लोगों ने शराब के ठेके के कारिदे की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस थाना जंडियाला गुरु ने मृतक हनी के पिता दीपक कुमार के बयानों पर घुदा, राणा, घुग्गी व एक अज्ञात के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया था। उधर 17 दिन बीत जाने पर पुलिस की ओर से आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किए जाने से गुस्साए स्वजनों ने शुक्रवार को दोपहर करीब सवा तीन बजे जीटी रोड पर धरना लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। धरने के कारण जीटी रोड पर दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मृतक हनी के स्वजनों का आरोप था कि पुलिस आरोपितों को जान बूझकर गिरफ्तार नहीं कर रही हैं। आरोपित उनके बेटे को तो मार ही चुके हैं लेकिन अब उनके परिवार को भी देख लेने की धमकियां दे रहे हैं। मौके पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे एसएचओ जंडियाला गुरु यादविदर सिंह ने मृतक हनी के स्वजनों को समझाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन उन्होंने एसएचओ की एक न सुनी और किसी उच्चाधिकारी को धरनास्थल पर बुलाने पर अड़े रहे। उधर पुलिस के जवान जाम में फंसे वाहनों को जंडियाला गुरु शहर के बीच में से वाया तरनतारन बाईपास से निकालने के लिए जदोजहद करते रहें।
जीटी रोड पर धरना दे रहे लोगों ने एंबुलेंस को रास्ता देकर जाने दिया। एसएचओ यादविदर सिंह ने कहा कि पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापामारी कर रही है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीएसपी सुखविदरपाल सिंह की ओर से आराोपितों को गिरफ्तार करने के आश्वासन के बाद सायं पांच बजे धरना समाप्त कर दिया गया।