गोल्डन टेंपल में ट्रैवल व्लॉगर से बदसलूकी, सेवादारों ने धक्का दिया और हाथ मरोड़ा, Video में रोते हुए बयां किया दर्द
श्री हरिमंदिर साहिब में व्लॉगिंग कर रहे एक युवक ने पहरेदारों पर बदसलूकी, कैमरा छीनने और वीडियो मिटाने का आरोप लगाया है। हीं।

श्री हरिमंदिर साहिब में व्लॉगिंग कर रहा था युवक (सोशल मीडिया फोटो)
HighLights
व्लॉगर ने हरिमंदिर साहिब के पहरेदारों पर बदसलूकी का आरोप लगाया
कैमरा छीनने, वीडियो मिटाने और धक्कामुक्की का दावा किया
एसजीपीसी ने वीडियोग्राफी पर रोक, मारपीट से इनकार किया
जागरण संवाददाता, अमृतसर। श्री हरिमंदिर साहिब में रात के समय व्लॉग बनाने पहुंचे एक युवक ने पहरेदारों पर बदसलूकी, धक्कामुक्की और कैमरा छीनने के आरोप लगाए हैं। युवक का दावा है कि पहरेदारों ने उसके कैमरे से वीडियो भी मिटा दिए।
व्लॉगर के अनुसार, वह मेहनत और पैसे खर्च कर वीडियो बना रहा था। इसी दौरान पहरेदारों ने कथित तौर पर उसका कैमरा छीन लिया और उसके साथ धक्कामुक्की की। युवक ने हाथ मरोड़ने का आरोप भी लगाया है।
उसका यह भी दावा है कि पहरेदार उसे एक कमरे में ले गए, जहां मौजूद निहंगों ने उसे जबरन अपने पैरों में गिरने और पैर छूने के लिए मजबूर किया।
युवक ने अपने वीडियो में स्वर्ण मंदिर की सुंदरता की सराहना करते हुए वहां तैनात पहरेदारों के व्यवहार पर सवाल उठाए। उसने अमृतसर आने वाले पर्यटकों को भी अपने अनुभव के बारे में बताया।
इस मामले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) का कहना है कि स्वर्ण मंदिर परिसर में वीडियोग्राफी की अनुमति नहीं है। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए वीडियोग्राफी करता पाया जाता है तो पहरेदार उसे रोकते हैं। एसजीपीसी के अनुसार पहरेदारों का काम वीडियोग्राफी रोकना है मारपीट करना नहीं।
