अमृतसर के होटल में गला दबाकर प्रेमिका की हत्या, रशिया में हुई थी दोनों की मुलाकात; शादी से इनकार पर घोंटा गला
अमृतसर के मोहकपुरा स्थित एक होटल में युवक ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी रितिक ने ...और पढ़ें
-1791852687644_m.webp)
अमृतसर में होटल में गला दबाकर प्रेमिका की हत्या। सांकेतिक फोटो
HighLights
अमृतसर के होटल में प्रेमिका की गला दबाकर हत्या।
आरोपी रितिक ने शादी के दबाव में वारदात की।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। थाना मोहकपुरा के तहत आते कौजी नामक होटल में शनिवार दोपहर एक युवक ने प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। इंस्पेक्टर हरप्रकाश सिंह ने बताया कि जांच जारी है, शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया है।
लड़की के पिता सुखजिंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने हरियाणा स्थित करनाल जिले के नीलोखेड़ी गांव के निवासी रितिक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
बटाला रोड स्थित न्यू पवन नगर निवासी सुखजिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि बेटी वंशिका उर्फ तरुणप्रीत कौर को आरोपित काफी परेशान कर रहा था। साल 2025 में उन्होंने बेटी को स्टडी वीजा पर रशिया पढ़ाई के लिए भेजा था। वहीं, आरोपित रितिक की उनकी बेटी के साथ मुलाकात भी हुई थी। दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे थे। रितिक बेटी से विवाह करना चाहता था, लेकिन बेटी सिर्फ दोस्ती रखना चाहती थी।
युवती के पिता ने बताई पूरी घटना
इस बात पर दोनों की रशिया में ही लड़ाई होने लगी थी। एक दिन रितिक ने गुस्से में उनकी बेटी वंशिका का पासपोर्ट फाड़ दिया और जान से मारने की धमकियां देने लगा। पीड़ित पिता ने बताया कि उन्होंने किसी तरह बेटी का व्हाइट पासपोर्ट बनवाया और फिर उसे भारत बुलाया। बेटी अब यहीं पढ़ रही थी, लेकिन रितिक उसे लगातार परेशान कर रहा था। शादी का दबाव बना रहा था।
शनिवार सुबह बेटी पढ़ाई की बात कहकर घर से एक्टिवा पर चली गई थी। इसके बाद उसका फोन स्विच आफ हो गया। शाम को उन्हें पता चला की बेटी की उक्त होटल में लाश पड़ी है। उन्होंने बताया कि रितिक ने यहां होटल में कमरा लेकर बेटी को बुलाया और उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी।
