मानांवाला टोल प्लाजा तक निकाला पैदल मार्च
। ऑल इंडिया एंटी करप्शन मोर्चा के सदस्यों ने ट्रांसपोर्टरों के साथ पूर्व पार्षद तरसेम सिंह भोला के नेतृत्व में बस स्टैंड से टोल प्लाजा मानांवाला तक पैदल मार्च निकाला
संवाद सहयोगी, अमृतसर
ऑल इंडिया एंटी करप्शन मोर्चा के सदस्यों ने ट्रांसपोर्टरों के साथ पूर्व पार्षद तरसेम सिंह भोला के नेतृत्व में बस स्टैंड से टोल प्लाजा मानांवाला तक पैदल मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ऑल इंडिया एंटी करप्शन मोर्चा के प्रधान महंत रमेशानंद सरस्वती ने कहा कि मोर्चा के सदस्यों ने केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ मुहिम शुरू की है। सरकार लोगों से नाजायज रूप में टोल टैक्स वसूल कर रही है, जो सरासर गलत है। जब लोग नई गाड़ी लेते हैं, तब सरकार को 15 साल का रोड टैक्स दिया जाता है। जब रोड टैक्स इतने सालों का पहले ही ले लिया, फिर अब टोल प्लाजा बनाने की क्या जरूरत है। जब तक टोल प्लाजा बंद नहीं हो जाते तब तक ऑल इंडिया एंटी करप्शन मोर्चा धरने प्रदर्शन जारी रखेगा। अवैध चल रहे टोल प्लाजा हुए बंद
महंत रमेशानंद सरस्वती ने कहा कि कुछ टोल प्लाजा बंद हो चुके हैं, जिन पर नाजायज रूप में लोगों से टैक्स वसूला जा रहा था। मलोट में भी मंजूरी के बिना चलाए जा रहे टोल प्लाजा पकड़े गए हैं, जिनको अब बंद किया गया है। जबकि वह टोल प्लाजा 2008 में शुरू हुआ था, लेकिन इतने सालों तक लोगों से टैक्स वसूला गया। यह लोगों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। इसके लिए एंटी करप्शन मोर्चा तीखा संघर्ष करेगा। सरकारें सो रही हैं, लोग अपनी मेहनत की कमाई रोड टैक्स में सरकार को दे रहे हैं। सरकार की इस लूट को बंद होना चाहिए। इस अवसर पर ताराचंद भगत, जुगल किशोर, तरसेम भोला, केवल किशन आदि लोग मौजूद थे।