अमृतसर में किसानों का धरना, निज्जरपुरा टोल प्लाजा को करवाया बंद
कर्नाटक में राज्यपाल को मांगपत्र देने जा रहे करीब दो हजार किसानों को गिरफ्तार करने से जिले में रोष व्याप्त हो गया है। गुरुनगरी में में किसानों ने निज्जरपुरा टोल प्लाजा पर धरना देते हुए टोल बंद करवा दिया।
संवाद सहयोगी, जंडियाला गुरु: कर्नाटक में राज्यपाल को मांगपत्र देने जा रहे करीब दो हजार किसानों को गिरफ्तार करने से जिले में रोष व्याप्त हो गया है। इसके विरोध में सोमवार शाम करीब पांच बजे भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) नेता मेहताब सिंह की अगुवाई में किसानों ने निज्जरपुरा टोल प्लाजा पर धरना देते हुए टोल बंद करवा दिया। फिर उन्होंने कर्नाटक सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे डीएसपी कुलदीप सिंह और एसएचओ अमोलक सिंह ने ट्रैफिक निकालने के लिए साइड वाली दोनों वीआइपी लेन को खुलवा दिया और लोग वहां से बिना टोल पर्ची के ही निकले। किसान नेता मेहताब सिंह ने कहा कि कर्नाटक में किसानों की करीब दस लाख एकड़ फसल बर्बाद हो गई है, जिसके मुआवजे के लिए किसान राज्यपाल को मांगपत्र देने जा रहे थे लेकिन कर्नाटक सरकार ने भाई बलदेव सिंह सिरसा सहित करीब दो हजार किसान नेताओं और किसानों को गिरफ्तार कर लिया। इसका वह विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक कर्नाटक सरकार किसानों को छोड़ेगी नहीं, तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके इलावा संघर्ष को तेज करते हुए अगर रेलवे चक्का जाम करना पड़ा तो वह पीछे नहीं हटेंगे।