अवैध खनन को लेकर किसान की हत्या, बहू घायल
कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से एक बुजुर्ग और उसकी बहू को बुरी तरह से जख्मी कर दिया।
जागरण संवाददाता, अजनाला अमृतसर : अजनाला थाने के अंतर्गत आते पड़ते बल्लड़वाल गाव में कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से एक बुजुर्ग और उसकी बहू को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। अस्पताल ले जाते समय बुजुर्ग तरसेम सिंह की मौत हो गई। गंभीर हालत में उसकी बहू कश्मीर कौर को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लखबीर सिंह और कश्मीर सिंह ने बताया कि वह पिता तरसेम सिंह के साथ गाव में खेतीबाड़ी का काम करते हैं। गाव में रहने वाला दलबीर सिंह उनके खेतों से मिट्टी व रेत का अवैध खनन कर रहा है। आरोपित दलबीर सिंह का खेत उनके खेतों के साथ लगते हैं। हालाकि वह पहले भी कई बार दलबीर सिंह को उनके खेतों से मिट्टी और रेत निकालने से रोक चुके हैं। रविवार की सुबह उनके पिता तरसेम सिंह डेरा ब्यास में सेवा करने पहुंचे हुए थे। देर रात को जब रविवार को गाव लौटे तो इसी रंजिश के चलते दलबीर सिंह ने अपने 8-10 हथियारबंद साथियों के साथ घर के बाहर उन पर हमला कर दिया। उनके पिता को बुरी तरह से पिटते देख बहू कश्मीर को बचाने के लिए बाहर दौड़ी। लेकिन हमलावरों ने उसे भी तेजधार हथियारों से घायल कर दिया और फरार हो गए। आसपास के लोगों के साथ मिलकर दोनों को पास के निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां तरसेम सिंह की मौत हो गई।
अजनाला थाना के प्रभारी मनमीत सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया है आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।