सीसीटीवी कैमरे पर कपड़ा डाल घर से दस लाख के गहने चुराए
गुरबख्श नगर की नवीं गली में गहना कारोबारी नीरज कुमार के घर से चोरों ने करीब दस लाख के गहने चोरी कर लिए।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: गुरबख्श नगर की नवीं गली में गहना कारोबारी नीरज कुमार के घर से चोरों ने करीब दस लाख के गहने चोरी कर लिए। वारदात के समय चोरों ने घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों पर कपड़ा डाल दिया। थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। पुलिस की फिगर प्रिट टीम को घटना स्थल से सुराग मिले हैं।
नीरज कुमार ने बताया कि उनका गहनों का कारोबार है। उन्होंने अपने घर की तिजोरी में लगभग दस लाख रुपये के गहने रखे हुए थे। वीरवार की रात वह परिवार के साथ सो गए थे। सुबह उठे तो घर के एक कमरे में बनी हुआ तिजोरी खुली पड़ी थी। उसके अंदर रखे दस लाख के गहने चोरी हो चुके थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। जांच करने पर पता चला कि चोर गिरोह के सदस्यों ने घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे को कपड़े से ढक दिया था, जिस कारण पुलिस जांच में आरोपितों की पहचान नहीं हो पाई।