विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब: तरनतारन में कांग्रेस शहरी अध्यक्ष लक्की पागल के घर ED का छापा, तीन घंटे तक चली जांच; खंगाले गए बैंक रिकॉर्ड

Published: Fri, 05 Jun 2026 07:27 PM (IST)

ईडी ने तरनतारन में कांग्रेस शहरी अध्यक्ष लखविंदर सिंह लक्की पागल के घर और कार्यालय पर छापा मारा।

तरनतारन में कांग्रेस शहरी अध्यक्ष लक्की पागल के घर ED का छापा (जागरण फोटो)

तरनतारन में कांग्रेस शहरी अध्यक्ष लक्की पागल के घर ED का छापा (जागरण फोटो)

HighLights

  1. ईडी ने कांग्रेस शहरी अध्यक्ष लक्की पागल के घर छापा मारा

  2. तरनतारन स्थित उनके कार्यालय पर भी कार्रवाई की गई

  3. जीएसटी और बैंक खातों के रिकॉर्ड जब्त किए गए

धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन। इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) की टीम ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के शहरी अध्यक्ष लखविंदर सिंह लक्की पागल के घर में रेड की। सुबह पांच बजे उक्त टीम खालसापुर रोड स्थित लक्की पागल के घर पहुंची। उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। एसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने पहले रेलवे स्टेशन समीप लक्की पागल के कार्यालय की चाबियां कब्जे में लीं। जिसके बाद परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू की।

ट्रांसपोर्टेशन के साथ-साथ इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का काम करते लक्की पागल करीब डेढ वर्ष से कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष हैं। उनके पिता सरदारा सिंह पागल नामवर पत्रकार के तौर पर जाने जाते थे।

आतंकवाद के दौर में सरदारा सिंह पागल द्वारा बेबाक पत्रकारी की जाती रही है। वह फ्रीडम फाइटरों की कतार में भी आते थे। लक्की पागल का कार्यालय रेलवे स्टेशन समीप चलाया जाता है। जहां पर करीब तीन घंटे ईडी की टीम रही।

खाना भी बाहर से मंगवाया गया

लक्की पागल व उनके बेटे अमरेंद्र सिंह ढींगरा के बैंक खातों का रिकॉर्ड कब्जे में लिया गया। दिल्ली से विशेष तौर पर पहुंची टीम ने दोपहर का खाना भी बाहरी होटल से मंगवाकर खाया। रेड के दौरान खालसापुर रोड स्थित लक्की पागल की कोठी का बाहरी गेट मुकम्मल तौर पर बंद रखा गया।

स्थानीय पुलिस को भी नहीं दी गई जानकारी

टीम के साथ सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय सुरक्षा कर्मी तैनात थे। दो कर्मी कोठी के भीतर, एक कर्मी कोठी के बाहर व दो कर्मी रेलवे रोड स्थित कार्यालय में तैनात रहे। सूत्रों की मानें तो ईडी की टीम ने जीएसटी से संबंधित रिकॉर्ड कब्जे में लिया है। टीम ने अपनी कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस को न तो सूचना दी व न ही उन्हें अपने पास आने की अनुमति दी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।