विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली गुरुद्वारा बेअदबी मामला: बीबी रणजीत कौर ने अकाल तख्त को दिया स्पष्टीकरण, निहंग नेता ने लगाए गंभीर आरोप

Published: Sat, 21 Nov 2026 06:29 PM (IST)

दिल्ली के साहिबपुरा गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी मामले में डीएसजीएमसी सदस्य बीबी रणजीत कौर ने श्री अकाल तख्त साहिब को लिखित स्पष्टीकरण सौंपा है।

दिल्ली के गुरुद्वारे में बेअदबी मामले पर बीबी रणजीत कौर ने अकाल तख्त के जत्थेदार को सौंपा स्पष्टीकरण।

दिल्ली के गुरुद्वारे में बेअदबी मामले पर बीबी रणजीत कौर ने अकाल तख्त के जत्थेदार को सौंपा स्पष्टीकरण।

HighLights

  1. बीबी रणजीत कौर ने अकाल तख्त को लिखित स्पष्टीकरण सौंपा

  2. निहंग नेता ने गुरुद्वारा कमेटी पर लापरवाही के आरोप लगाए

  3. गुरुद्वारा सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए

जागरण संवाददाता, अमृतसर। नई दिल्ली के साहिबपुरा स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों की बेअदबी की घटना को लेकर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) की सदस्य बीबी रणजीत कौर ने शनिवार को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को लिखित स्पष्टीकरण सौंपा।

वह डीएसजीएमसी सदस्य रमिंदर सिंह स्वीटा के साथ श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय पहुंचीं और जत्थेदार से मुलाकात की। यह स्पष्टीकरण 18 नवंबर को अकाल तख्त सचिवालय की ओर से भेजे गए पत्र के जवाब में दिया गया, जिसमें घटना के संबंध में लिखित पक्ष मांगा गया था।

बीबी रणजीत कौर ने कहा कि 17 नवंबर को वह दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के कार्यालय में गुरु तेग बहादुर जी, भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी की 350वीं शहीदी वर्षगांठ के समापन समारोहों की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में शामिल थीं। दोपहर करीब तीन बजे उन्हें इंटरनेट माध्यम से जानकारी मिली कि साथ लगते वार्ड नंबर 28 के गुरुद्वारा सिंह सभा में बेअदबी की घटना हुई है। जानकारी मिलते ही वह वहां पहुंच गईं।

उन्होंने अन्य कमेटी सदस्यों और संगत के साथ मिलकर आरोपित के खिलाफ तिलक नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाने में सहयोग किया। वह रात करीब 2:30 बजे तक वहां मौजूद रहीं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना उनके वार्ड नंबर 26 में नहीं हुई थी। वह वहां एक सिख और दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी की सदस्य होने के नाते पहुंची थीं। घटना के बारे में उन्हें इससे अधिक जानकारी नहीं है। उनके अनुसार गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पहले ही पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी थी और आपातकालीन नंबर 112 पर भी सूचना दी गई थी, जिसके बाद आरोपित को पकड़ा गया। उन्होंने अकाल तख्त को तत्काल सूचना नहीं देने के बारे में कहा कि उस समय उनकी प्राथमिकता संगत के रोष को शांत करना थी।

जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज से मुलाकात के बाद बीबी रणजीत कौर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जत्थेदार ने उनका पक्ष ध्यान से सुना, जिसके लिए वह उनका धन्यवाद करती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें 17 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह पुलिस थाने पहुंचीं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह क्षेत्र उनके वार्ड के अधीन नहीं आता और वह डीएसजीएमसी की सदस्य होने के नाते वहां पहुंची थीं।

निहंग नेता ने कमेटी पर लगाए लापरवाही के आरोप

इसी मामले में निहंग सिंह नेता जगतार सिंह, बुड्ढा दल अकाली बाबा मान सिंह 96 करोड़ी, अजीत नगर छावनी ने मीडिया से बातचीत में दिल्ली के शाहपुर क्षेत्र के एक गुरुद्वारे में हुई बेअदबी की घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने दावा किया कि एक व्यक्ति लगातार तीन दिन तक गुरुद्वारे में आता रहा और उसने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों के अंग अलग कर दिए। घटना 15 नवंबर को हुई थी, जिसकी जानकारी 17 नवंबर को मिली।

जगतार सिंह ने आरोप लगाया कि गुरुद्वारा कमेटी और डीएसजीएमसी सदस्य रमिंदर सिंह स्वीटा ने समय पर कार्रवाई नहीं की। आरोपित को कमेटी सदस्यों ने नहीं, बल्कि गुरुद्वारे के सेवादारों ने पकड़ा था। आरोपित को पुलिस के हवाले करने के बजाय निहंग सिंहों पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। बाद में आरोपित जेल चला गया और तीन दिन बाद निहंग सिंहों ने गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों को अपनी छावनी में वापस ले जाकर सुशोभित किया, जहां वे अभी भी रखे हुए हैं।

निहंग नेता ने कमेटी पर लापरवाही बरतने और गुरु साहिब के स्वरूपों की मर्यादा से अधिक गोलक की गिनती को महत्व देने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि गुरुद्वारा परिसर में कमेटी कर्मचारियों के पास से तंबाकू भी बरामद हुआ था।

उन्होंने कहा कि कमेटी ने उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर नहीं दिया, इसलिए वह स्वयं जत्थेदार से मिलने पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल सीसीटीवी कैमरे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि वहां सेवादारों की नियमित मौजूदगी भी जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।