अमृतसर में नशा तस्कर की काली कमाई पर चला बुलडोजर, पुलिस और निगम ने ध्वस्त की अवैध संपत्ति
अमृतसर पुलिस और नगर निगम ने कुख्यात नशा तस्कर सुखदेव सिंह उर्फ आकाश की अवैध संपत्ति ध्वस्त की। यह कार्रवाई 'युद्ध नशेयां विरुद्ध' अभियान का हिस्सा है, क्योंकि इमारत नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से बनी थी।

अनगढ़ मोहल्ले में नशा तस्कर की अवैध इमारत पर चला पीला पंजा।
HighLights
नशा तस्कर सुखदेव सिंह उर्फ आकाश की अवैध इमारत गिराई गई
इमारत नशे के अवैध कारोबार से अर्जित कमाई से बनी थी
यह 'युद्ध नशेयां विरुद्ध' अभियान की 16वीं कार्रवाई है
जागरण संवाददाता, अमृतसर। युद्ध नशेयां विरुद्ध अभियान के तहत वीरवार को कमिश्नरेट पुलिस और नगर निगम की टीम ने अनगढ़ मोहल्ले में कुख्यात नशा तस्कर सुखदेव सिंह उर्फ आकाश की अवैध इमारत को ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम की ओर से करीब एक माह पहले नोटिस जारी कर जवाब देने का अवसर दिया गया था। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद पुलिस की सहायता से यह कार्रवाई की गई।
डीसीपी लॉ एंड आर्डर रविंदर पाल सिंह ने बताया कि सुखदेव सिंह उर्फ आकाश अनगढ़ मोहल्ले का रहने वाला है। 28 वर्षीय आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ पहला मामला वर्ष 2020 में दर्ज हुआ था, जबकि अंतिम मामला वर्ष 2026 के जनवरी-फरवरी में दर्ज किया गया।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस जांच के अनुसार संबंधित इमारत नशे के कारोबार से अर्जित अवैध कमाई से बनाई गई थी। नगर निगम की टीम ने निर्माण की जांच की और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर इसे अवैध घोषित किया। नोटिस के बाद भी आरोपित पक्ष की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद नगर निगम ने पुलिस सहायता मांगी और संयुक्त टीम ने इमारत को गिरा दिया।
इस साल 16वीं कार्रवाई
डीसीपी ने बताया कि पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चहल के निर्देश पर नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। अनगढ़ मोहल्ले में की गई कार्रवाई इस वर्ष की 16वीं कार्रवाई है। अब तक 1813 मुकदमे दर्ज किए गए हैं और 2844 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस ने इस दौरान करीब 170 किलो हेरोइन, 12 किलो आइस ड्रग, 98 लाख रुपये से अधिक की ड्रग मनी और तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले 62 वाहन बरामद किए हैं।
परिवार की भूमिका की भी होगी जांच
नशा तस्करों के परिवार की भूमिका के संबंध में पूछे गए सवाल पर डीसीपी ने कहा कि जब कोई व्यक्ति नशे के कारोबार से कमाई कर घर बनाता है, तो परिवार को इसकी जानकारी होने की संभावना रहती है। फिलहाल परिवार के खिलाफ सीधी कार्रवाई नहीं की गई है, लेकिन जांच के आधार पर भविष्य में कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जिन इलाकों में पहले अवैध निर्माण गिराए गए हैं, वहां पुलिस और प्रशासन की निगरानी जारी है। यदि दोबारा अवैध निर्माण किया गया या इस संबंध में शिकायत मिली, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।