कारोबार में हेराफेरी से डांटने पर छोटे ने बड़े भाई पर चलाई गोली
संयुक्त कारोबार में हेराफेरी करने से रोकने पर छोटे भाई ने कथित रूप से बड़े भाई पर गोलियां चला दीं।
संवाद सहयोगी, अजनाला: संयुक्त कारोबार में हेराफेरी करने से रोकने पर छोटे भाई ने कथित रूप से बड़े भाई पर गोलियां चला दीं। पुलिस थाना लोपोके ने हत्या प्रयास व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपित की पहचान गांव सारंगड़ा निवासी बलगेर सिंह के रूप में बताई गई है।
सज्जन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह छोटे भाई बलगेर सिंह के साथ मिल कर अमृतसर में संयुक्त रूप से काम करते हैं, लेकिन बलगेर सिंह ने हिसाब में कुछ हेरोफेरी की थी। इसको लेकर उसने उसे डांटा था। बीते दिन वह अपने भांजे गुरशरणजीत सिंह के साथ घर पर मौजूद था। इस दौरान बलगेर सिंह 32 बोर की रिवॉल्वर लेकर घर में घुसा और सीधे फायर उनकी तरफ किए। उन्होंने कमरे में छिप कर अपनी जान बचाई। बलगेर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। एएसआइ तरसेम सिंह ने बताया कि बलगेर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।