किसान विधेयक को लेकर भाजपा प्रवक्ता रहे मैणी ने छोड़ी पार्टी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन साल प्रदेश प्रवक्ता रहे एडवोकेट आरपी सिंह मैणी ने केंद्र सरकार के कृषि बिलों को किसान व पंजाब विरोधी करार देते हुए पार्टी को अलविदा कह दिया है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन साल प्रदेश प्रवक्ता रहे एडवोकेट आरपी सिंह मैणी ने केंद्र सरकार के कृषि बिलों को किसान व पंजाब विरोधी करार देते हुए पार्टी को अलविदा कह दिया है। शुक्रवार को वह जंडियाला गुरु स्थित देवीदासपुरा पहुंचे और किसानों को समर्थन दिया।
मैणी तरनतारन के जिला प्रधान भी रह चुके हैं। मैणी का शुमार पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी के खास में होता है। इससे पूर्व भी मैणी ने फेसबुक पर स्टेटस अपडेट करते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की विचारधारा पर कटाक्ष किया था। तब भी यह मामला पार्टी और संघ हाईकमान तक पहुंचा था। कृषि बिलों के खिलाफ इससे पहले उन्होंने तरनतारन के हरीके पत्तन में भी किसानों के साथ मंच साझा किया था। मैणी ने कहा कि कृषि बिलों पर पंजाब भाजपा किसानों की जगह केंद्र सरकार के साथ खड़ी नजर आ रही है। पंजाब भाजपा पंजाबी भाषा, पंजाब के पानियों के अलावा पंजाब के किसानों की रक्षा में असफल साबित हुई है, इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लेते हुए किसानों को समर्थन दिया है।