अमृतसर में सड़क हादसे में घायल ASI पवन कुमार की मौत, 12 दिन वेंटिलेटर पर रहे; CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा
अमृतसर में स्कूटी की टक्कर से घायल पंजाब पुलिस के एएसआइ पवन कुमार शर्मा की 12 दिन इलाज के बाद मौत हो गई। हादसा सीसीटीवी में कैद है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर में स्कूटी की टक्कर से गंभीर रूप से घायल पंजाब पुलिस के ASI पवन कुमार शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले 12 दिन से अस्पताल में भर्ती थे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। वह बोल भी नहीं पा रहे थे और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
पवन कुमार शर्मा अमृतसर के रहने वाले थे और लॉरेंस रोड पर यातायात पुलिस में तैनात थे। पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की दोपहर करीब पौने दो बजे वह सेलिब्रेशन रोड के पास अन्य पुलिसकर्मियों के साथ ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने तेज रफ्तार से आ रही एक स्कूटी को हाथ के इशारे से रोकने का प्रयास किया।
स्कूटी सवार नहीं रुका तो पवन कुमार सड़क के बीच तक पहुंच गए। इसी दौरान पीछे से दूसरी स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। अचानक सामने आए सहायक उप निरीक्षक को देखकर वे संभल नहीं सके और उनकी स्कूटी पवन कुमार से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवक और सहायक उप निरीक्षक सड़क पर गिर गए।

ASI पवन कुमार की फाइल फोटो।
यह भी पढ़ें- सुखबीर बादल आज फिर SIT के सामने, बहबल कलां गोलीकांड में पुलिस कार्रवाई पर होंगे सवाल
सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा हादसा
घटना का करीब तीन मिनट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें पवन कुमार दो अन्य पुलिसकर्मियों के साथ सड़क किनारे दिखाई देते हैं। अचानक वह एक स्कूटी को रोकने के लिए हाथ से इशारा करते हुए सड़क के बीच पहुंच जाते हैं। स्कूटी सवार उनके पास से निकल जाता है।
इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी स्कूटी उनसे टकरा जाती है। पवन कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर जाते हैं, जबकि दोनों स्कूटी सवार युवक भी गिरने के बाद कुछ देर में खुद उठ जाते हैं। वे अपनी स्कूटी उठाकर वहां से चले जाते हैं।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत पवन कुमार की मदद के लिए पहुंचते हैं। उनके लिए स्ट्रेचर मंगवाया जाता है और उन्हें अस्पताल भेजा जाता है। हादसे के कारण सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बनी।
यह भी पढ़ें- गुलजार सिंह मामले पर पंजाब में कांग्रेस का प्रदर्शन, एसपी और एसएसपी कार्यालयों का करेंगे घेराव
आरोपितों की तलाश कर रही थी पुलिस
हादसे के बाद थाना सिविल लाइन के प्रभारी मोहित कुमार ने बताया था कि पुलिस स्कूटी सवार युवकों को तलाश रही है। उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी। शुरुआती सूचना में ASI के कार से टकराने की बात सामने आई थी, लेकिन जांच के दौरान पता चला कि हादसा एक्टिवा की टक्कर से हुआ था।
