विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुलजार सिंह मामले पर पंजाब में कांग्रेस का प्रदर्शन, एसपी और एसएसपी कार्यालयों का करेंगे घेराव

By Dr Sumit Singh SheoranEdited By: Prince Sharma
Published: Fri, 11 Sep 2026 11:57 AM (GMT+05:30)

पंजाब कांग्रेस आज गुलजार सिंह मामले को लेकर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी, जिसमें वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की जाएगी।

गुलजार सिंह मामले पर पंजाब में कांग्रेस का प्रदर्शन (फाइल फोटो)

गुलजार सिंह मामले पर पंजाब में कांग्रेस का प्रदर्शन (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पंजाब कांग्रेस गुलजार सिंह मामले पर राज्यव्यापी प्रदर्शन करेगी।

  2. वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ FIR की मांग।

  3. एसपी/एसएसपी कार्यालयों का घेराव कर ज्ञापन सौंपेंगे।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। गुलजार सिंह मामले को लेकर पंजाब कांग्रेस आज पूरे राज्य में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों को अपने-अपने जिलों में प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता संबंधित जिलों के एसपी या एसएसपी कार्यालयों का घेराव कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे। कांग्रेस की ओर से आयोजित इस राज्यव्यापी प्रदर्शन में मुख्य रूप से वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई जाएगी।

पार्टी का आरोप है कि गुलजार सिंह मामले में सरकार ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई नहीं की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

बड़ी संख्या में होंगे एकत्रित

पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार, जिला स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे। कई स्थानों पर सरकार और वित्त मंत्री के खिलाफ नारेबाजी के साथ पुतला फूंकने का कार्यक्रम भी रखा गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्षों को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रदर्शन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। गुलजार सिंह मामले को लेकर कांग्रेस पहले भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर चुकी है।

आठ सितंबर को प्रदेश कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे पर प्रदर्शन किया गया था। अब पार्टी ने आंदोलन को जिला स्तर तक विस्तार देते हुए एक साथ पूरे पंजाब में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। राजा वड़िंग ने कहा है कि गुलजार सिंह को न्याय और उनके परिवार को इंसाफ मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस का कहना है कि राज्य सरकार पर दबाव बनाने के लिए आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।