ASI हरजीत सिंह हत्याकांड में मारा गया दीपक था नशे का आदी, पाकिस्तानी हैंडलर से था संपर्क; मोबाइल ने खोले राज
एएसआई हरजीत सिंह हत्याकांड में मारा गया दीपक नशे का आदी था। पुलिस के अनुसार वह पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था। मोबाइल से जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

मारे गए दीपक की फाइल फोटो।
HighLights
दीपक सिंह नशे का आदी था और पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़ा था।
उसके मोबाइल से सीमा पार ड्रग तस्करी के कई राज खुले।
जमानत पर बाहर आया था, परिवार ने गिरवी रखा था मकान।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर के एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया दीपक सिंह नशे की गर्त में धंसा हुआ था और सीमा पार बैठे तस्करों के इशारे पर काम कर रहा था। डीसीपी रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। मुठभेड़ के बाद आरोपित के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन से कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं।
जांच में सामने आया है कि दीपक पिछले एक सप्ताह से लगातार पाकिस्तानी हैंडलर से सीधे संपर्क में था। वह आधा किलो हेरोइन तस्करी के मामले में कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। मूले चक निवासी आरोपित के पिता बलविंदर सिंह ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और पत्नी भी घरों में काम करती है। दीपक पहले ठीक था, लेकिन पिछले दो वर्षों से उसकी संदिग्ध गतिविधियों ने परिवार की चिंता बढ़ा दी थी।
कुछ महीने पहले पुलिस ने उसे आधा किलो हेरोइन के साथ पकड़ा और जेल भेज दिया। बेटे को सलाखों से बाहर लाने के लिए उन्होंने अपना मकान साढ़े तीन लाख रुपये में गिरवी रख दिया और जमानत करवाई। हालांकि जेल से लौटने के बाद दीपक पूरी तरह नशे की लत का शिकार हो चुका था। माता-पिता की लाख समझाइश के बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
यह भी पढ़ें- सुसाइड नोट से खुला लुधियाना के कारोबारी की आत्महत्या का राज, प्रेमिका पर आरोप, देती थी झूठा केस डालने की धमकी
लापता होने पर थाने पहुंचे थे स्वजन
पिता के अनुसार दीपक का बाहर ज्यादा युवकों से मेलजोल नहीं था। वह अक्सर गुमसुम रहता था। बीते चार दिनों से वह अचानक लापता हो गया। वीरवार की रात जब वह घर नहीं लौटा, तो शुक्रवार सुबह स्वजन थाना गेट हकीमां गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। पुलिस ने दीपक की तस्वीर अपने पास रख ली, लेकिन परिवार को अंदेशा तक नहीं था कि वह इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे चुका है।
यह भी पढ़ें- ब्रिटेन में सिख बस ड्राइवर पर हमला! दाढ़ी खींचकर नीचे उतारा, बिक्रम मजीठिया ने जताया कड़ा ऐतराज
रविवार को मिली थी एनकाउंटर की खबर
बलविंदर सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर पुलिस टीम ने उनके घर पर छापा मारा और फाइनेंस करवाई गई स्कूटी व अन्य सामान कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस दल ने शादी समारोह में काम कर रही उसकी मां को भी हिरासत में ले लिया।
कई घंटों की पूछताछ के बाद शनिवार देर रात उसे छोड़ा गया। रविवार सुबह ग्रामीणों से परिवार को सूचना मिली कि पुलिस मुठभेड़ में दीपक ढेर हो गया है। फिलहाल पुलिस आरोपित के पूरे नेटवर्क और सीमा पार से जुड़े अन्य संपर्कों को खंगालने में जुटी है।
