अमृतसर में हथियार और नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, 2 नाबालिगों समेत 9 गिरफ्तार
अमृतसर पुलिस ने अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले दो नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिगों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
-1794661426635_m.webp)
हथियार और नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश।
HighLights
अवैध हथियार और नशीले पदार्थों के दो नेटवर्क का पर्दाफाश।
नौ लोग गिरफ्तार, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
पांच पिस्तौल, चार किलो हेरोइन और कारतूस बरामद।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वाले दो नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिगों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है आरोपितों के कब्जे से पांच पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और चार किलो हेरोइन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक होंडा एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूटपाट के एक मामले को भी सुलझाने का दावा किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरप्रीत सिंह (34) निवासी गांव भकना कलां, मलकियत सिंह उर्फ मीता (27) निवासी छविंडा कलां, सुखदेव सिंह उर्फ सुख (24) निवासी नौशहरा ढाला, करनदीप सिंह उर्फ कालू (24) निवासी राजाताल, रोहित उर्फ चोही (21) और कविजीत सिंह (21) निवासी खंडवाला तथा संजय कुमार उर्फ मोटा (24) निवासी भल्ला कालोनी के रूप में हुई है।
इनके अलावा दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपितों के खिलाफ पहले भी लूटपाट, झपटमारी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले आपरेशन में थाना कैंटोनमेंट पुलिस ने मलकियत सिंह उर्फ मीता, सुखदेव सिंह उर्फ सुख, करनदीप सिंह उर्फ कालू और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और चार किलो हेरोइन बरामद हुई।
दूसरे आपरेशन में पुलिस ने हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से .32 बोर की दो पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। तीसरे आपरेशन में पुलिस ने रोहित उर्फ चोही, कविजीत सिंह और संजय कुमार उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर एक ग्लाक 9 एमएम पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि तीसरे आपरेशन में गिरफ्तार संजय कुमार से पूछताछ के दौरान सामने आया कि विदेश में बैठे हैंडलरों ने उसे पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है।
इसी मामले से संबंधित हत्या के प्रयास और झपटमारी की वारदात में तीन अज्ञात हमलावरों ने शिकायतकर्ता इंद्रप्रीत सिंह पर गोली चलाई थी। गोली लगने से वह पैर में घायल हो गया था। हमलावर उससे तीन हजार रुपये, एक नकली कड़ा और अंगूठी छीनकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना ए-डिवीजन में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने इस कार्रवाई के संबंध में थाना कैंटोनमेंट में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। आरोपितों से पूछताछ और जांच के आधार पर अवैध हथियारों तथा नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।