यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Amritsar Crime News: वकील के घर से लाखों की चोरी, काम मांगने आई दो महिलाओं ने किया हाथ साफ
रानी का बाग में रहने वाले वकील के घर से घरेलू काम करने वाली दो महिलाओं ने लाखों के गहने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, अमृतसर: रानी का बाग में रहने वाले नामी वकील नीरज कुमार के घर से घरेलू काम करने वाली दो महिलाओं ने लाखों के गहने और नकदी चुरा ली।
वकील ने चोरी की घटना की 12 दिसंबर को सिविल लाइन पुलिस थाने में शिकायत की थी। दो माह तक की गई जांच के बाद पुलिस ने अब जाकर केस दर्ज कर लिया है। एएसआई साहिब सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश करवाई जा रही है।
आधार कार्ड मांगने पर लगाया कल देने का बहाना
रानी का बाग निवासी नीरज ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले वह घर में काम कर रहे थे। इस बीच दो महिलाओं ने घर का गेट खटखटाया और घरेलू काम मांगने लगीं। उन्हें घर में काम करने के लिए मुलाजिमों की जरूरत थी। वह दोनों महिलाओं को घर ले आए।
महिलाओं ने बताया कि वे दोनों यूपी स्थित सहारनपुर जिले से हैं और यहां रत्न सिंह चौक में अपने किसी रिश्तेदार के पास रुकी हुई हैं। वकील के मुताबिक उन्होंने दोनों महिलाओं से आधार कार्ड मांगा तो उन्हें बताया कि वह कल दे देंगी। इतने में वकील ने महिलाओं को घर की साफ-सफाई करने पर लगा दिया।
अगले दिन नहीं लौटी महिलाएं
वकील के अनुसार, उसी दौरान मुंबई में रहने वाले रिश्तेदार उनके घर पहुंच गए और वह उनकी खातिरदारी में व्यस्त हो गए। काम करने के बाद महिलाएं वहां से चली गई और अगले दिन काम पर लौट कर नहीं आई।
इसके बाद 12 दिसंबर को उनकी बेटी ने अपने कमरे में जाकर अलमारी से गहने निकालने लगी तो वह गायब थे। उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि दोनों महिलाएं उस कमरे से लाखों के गहने और नकदी चोरी करके फरार हो गई हैं।
