अमृतसर में टारगेट किलिंग की बड़ी साजिश नाकाम, गैंगस्टर अर्श डल्ला के 7 गुर्गे गिरफ्तार; 9 पिस्तौल व सवा KG हेरोइन बरामद
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तानी तस्करों के इशारे पर हेरोइन और हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
-1795615284268_m.webp)
अमृतसर में पाकिस्तान के इशारे पर काम कर रहे सात तस्कर गिरफ्तार। फोटो जागरण
HighLights
अमृतसर पुलिस ने सात तस्करों को किया गिरफ्तार।
नौ पिस्तौल, सवा किलो हेरोइन और ड्रग मनी बरामद।
पाकिस्तानी तस्करों और गैंगस्टरों से जुड़े थे आरोपित।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तानी तस्करों के इशारे पर हेरोइन, हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से नौ विदेशी पिस्तौल, नौ मैगजीन, एक किलो और 313 ग्राम हेरोइन और साठ हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद कर केस दर्ज कर लिया है। सीपी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। सीपी ने बताया कि उक्त मामले में चार एफआइआर दर्ज की गई हैं।
पुलिस लाइन में आयोजित की गई प्रेस कांफ्रेंस में सीपी ने पकड़े गए आरोपितों की पहचान हेर गांव निवासी मंजीत सिंह, घरिंडा निवासी रोशन लाल, जसबीर सिंह, गुरलाल सिंह, कैंट इलाके में रहने वाला सुभाष भंडारी, राजासांसी थाने के अधीन पड़ते नौशहरा गांव निवासी गुरभेज सिंह उर्फ भेजा और पवनदीप सिंह उर्फ साहिल के रूप में बताया है।
हथियार और हेरोइन की खेप ठिकाने लगा चुके हैं
पुलिस जांच में सामने आया है कि पवनदीप सिंह उर्फ साहिल के विदेश में बैठे गैंगस्टर अर्श डल्ला और अंकुश ब्राह्मण के संपर्क में था। पवनदीप सिंह का संपर्क उक्त दोनों आरोपितों ने पाक तस्करों के साथ मेल करवाया था। आरोपितों ने ड्रोन के जरिए बॉर्डर पार से हथियारों और नशे की खेप मंगवाई। इससे पहले भी वह हथियार और हेरोइन की खेप ठिकाने लगा चुके हैं।
सीपी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि इन हथियारों के जरिए पंजाब में टारगेट किलिंग की वारदातों को अंजाम देना था। पवनदीप सिंह अपने उक्त छह साथियों के सहयोग से हथियार और हेरोइन सप्लाई कर रहा था। अलग अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बीते दिन उक्त सात आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नौ पिस्तौल, एक किलो और 313 ग्राम हेरोइन और साठ हजार की ड्रग मनी बरामद की है।