प्याज ने बढ़ाया भारत-पाक का कारोबार
अटारी : त्योहारों के अवसर पर प्याज की मांग बहुत बढ़ जाती है।
गुरदीप भटटी, अटारी : त्योहारों के अवसर पर प्याज की मांग बहुत बढ़ जाती है। भारत में प्याज महंगा है और पाकिस्तान में इसका मूल्य बहुत कम। जिस पर भारतीय व्यापारियो ने पाकिस्तान से प्याज मंगवाने के आर्डर दिए थे। दीवाली से पहले शुरू प्याज का व्यापार दोनों देशों के मध्य धड़ल्ले से चल रहा है। दोनों देशों के व्यापारियों के लिए मुनाफे वाले सौदा साबित हो रहा है। पाकिस्तान से दस बड़े ट्रक रोजाना भारत पहुंचते हैं। जिनको देश के अलग अलग प्रांतों में भेजकर जनता की जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय अटारी सीमा पर स्थापित इंटाग्रेटिड चेक पोस्ट के रास्ते प्याज के ट्रक लेकर आए भारतीय ड्राइवरों ने बातचीत करते हुए कहा कि पाकिस्तान से आए प्याज बहुत बड़े साइज के हैं। कई प्याज तो पांच-पांच सौ ग्राम के है। इस प्याज में यह खासियत है कि बीच में से काटने के दौरान यह हरा दिखाई देता है। ड्राइवरों ने कहा कि वह अपनी सब्जी में जब उक्त प्याज का तड़का लगाते हैं तो हरियाली भरी सब्जी का नजारा ही कुछ और होता है। सब्जियों के राजा प्याज का भारत में मूल्य अधिक है। उल्लेखनीय है कि सर्दियों के मौसम में पाकिस्तान से छुव्वारे, गिरि, मुनक्का, अंजीर आदि ड्राइफ्रूट व शरीर को गरमाइश देने वाली चीज देश में आनी शुरू हो गई है।