विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर में जनरेटर से निकली जहरीली गैस बनी काल, एक की मौत चार की हालत गंभीर

Published: Tue, 15 Sep 2026 09:11 AM (IST)

अमृतसर के महा सिंह गेट इलाके में जनरेटर से निकली जहरीली गैस के कारण एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से बीमार हो गए।

अमृतसर के महा सिंह गेट इलाके में दर्दनाक हादसा।

अमृतसर के महा सिंह गेट इलाके में दर्दनाक हादसा।

HighLights

  1. अमृतसर में जनरेटर से निकली जहरीली गैस से हादसा

  2. एक बुजुर्ग जोगिंदर सिंह की दुखद मौत, चार गंभीर

  3. बंद कमरे में खाना खाते समय गैस रिसाव से बेहोश हुए

जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब के अमृतसर के महा सिंह गेट इलाके में बुधवार को जनरेटर से निकली जहरीली गैस के धुएं के कारण एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोगों की हालत गंभीर हो गई।

सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान जोगिंदर सिंह (55) निवासी खासा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, महा सिंह गेट इलाके में मशहूर गांधी ब्रदर लुधियाना घंटा घर वाले की लॉटरी की दुकान है।

जनरेटर से निकली जहरीली गैस बनी काल

दुकान की तीसरी मंजिल पर बने एक बंद कमरे में जनरेटर रखा हुआ था। घटना के समय कमरे में पांच लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान जनरेटर से जहरीली गैस का रिसाव होने लगा और कमरे में धुआं भर गया।

जहरीली गैस के धुएं के कारण कमरे में मौजूद पांचों लोगों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

1 की मौत 4 की हालत गंभीर

अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने जोगिंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं हीरा लाल, सुखदेव, आशीष दीप और जगजीत को अस्पताल में भर्ती किया गया है। चारों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।

बी डिवीजन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- 'बिना किसी कट के 24 घंटे बिजली सप्लाई चालू', बिजली मंत्री तरुणप्रीत सौंध का दावा- पंजाब में बिजली संकट टला