दिल्ली गुरुद्वारा बेअदबी: श्री अकाल तख्त साहिब ने DSGMC के 2 सदस्यों पर लगाई धार्मिक रोक, 5 प्रबंधक हमेशा के लिए अयोग्य
श्री अकाल तख्त साहिब ने दिल्ली के तिलक नगर गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी पर सख्त कार्रवाई की है।

बेअदबी मामले में दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के दो सदस्यों पर धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने पर रोक।
HighLights
दिल्ली गुरुद्वारा बेअदबी पर श्री अकाल तख्त साहिब का सख्त फैसला।
दो DSGMC सदस्य धार्मिक गतिविधियों से प्रतिबंधित, पांच प्रबंधक अयोग्य।
जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित, रिपोर्ट 2026 तक।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। नई दिल्ली के तिलक नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिबपुरा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामले में श्री अकाल तख्त साहिब ने सख्त कार्रवाई की है।
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के दो सदस्यों रमिंदर सिंह और बीबी रणजीत कौर के किसी भी धार्मिक और पंथक गतिविधि में शामिल होने पर रोक लगा दी है। यह रोक पांच सिंह साहिबान की ओर से मामले में अंतिम फैसला सुनाए जाने तक जारी रहेगी।
इसके साथ ही संबंधित गुरुद्वारा साहिब की पांच सदस्यीय प्रबंधक कमेटी के सदस्यों प्रेम सिंह, मनमोहन सिंह, सरूप सिंह, हरबीर सिंह और सुखदेव सिंह को गुरुद्वारा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने के लिए अयोग्य करार दिया गया है। आदेश के अनुसार, ये पांचों सदस्य भविष्य में गुरु घर में किसी भी पद पर सेवा नहीं कर सकेंगे।
15 नवंबर को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिबपुरा में एक व्यक्ति की ओर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की गई थी। इस मामले में श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश पर दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के दोनों सदस्य और संबंधित गुरुद्वारा साहिब की पांच सदस्यीय प्रबंधक कमेटी के सदस्य शनिवार को अपना पक्ष रखने के लिए श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय पहुंचे थे।
यहां जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने शिकायतकर्ता और प्रबंधकों का पक्ष लंबे समय तक सुना। संबंधित लोगों से स्पष्टीकरण भी लिया गया और मामले से जुड़े तथ्यों की गहराई से जांच की गई। इस दौरान प्रबंधन से जुड़ी गंभीर लापरवाहियां और गलतियां सामने आने के बाद यह आदेश जारी किए गए।
दो दिसंबर तक देनी होगी जांच रिपोर्ट
मामले की हर पहलू से जांच करने और संबंधित गुरुद्वारा साहिब में नई अमृतधारी प्रबंधक कमेटी गठित करने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इसमें शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की धर्म प्रचार कमेटी के सचिव भगवंत सिंह धंगेरा, धार्मिक जांच के प्रभारी और उप कार्यालय तलवंडी साबो के प्रभारी भोला सिंह को शामिल किया गया है।
यह कमेटी दो दिसंबर 2026 तक अपनी पूरी रिपोर्ट श्री अकाल तख्त साहिब को सौंपेगी। जांच कमेटी को बेअदबी की घटना से संबंधित 15 से 17 नवंबर 2026 तक की सीसीटीवी फुटेज भी अपनी रिपोर्ट के साथ जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।