विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तकनीकी खराबी से भटकी एअर इंडिया की फ्लाइट, पहुंच गई पाकिस्तान; घंटों बाद अमृतसर में हुई सेफ लैंडिंग

Published: Wed, 24 Jun 2026 03:09 PM (IST)

दिल्ली से अमृतसर आ रही एक उड़ान तकनीकी खराबी के कारण निर्धारित मार्ग से भटककर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गई। चेतावनी मिलने के बाद विमान वापस लौटा और करीब चार घंटे की देरी से अमृतसर में सुरक्षित उतारा गया। 

एयर इंडिया फ्लाइट की फाइल फोटो।

एयर इंडिया फ्लाइट की फाइल फोटो।

HighLights

  1. दिल्ली-अमृतसर उड़ान तकनीकी खराबी के कारण रास्ता भटकी।

  2. विमान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया था।

  3. 150 यात्री चार घंटे की देरी से अमृतसर में सुरक्षित उतरे।

जागरण संवाददाता, अमृतसर।  दिल्ली से अमृतसर आ रही एक यात्री उड़ान तकनीकी खराबी के कारण अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गई। समय रहते स्थिति का पता चलने पर विमान को वापस मोड़ा गया और बाद में सुरक्षित रूप से अमृतसर हवाई अड्डे पर उतार लिया गया। इस घटना के कारण विमान में सवार करीब 150 यात्रियों को चार घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना सोमवार, 22 जून की है। जानकारी के अनुसार सोमवार रात दिल्ली से अमृतसर के लिए उड़ान भरने वाला विमान अपने नियमित मार्ग पर था। उड़ान के दौरान तकनीकी खामी आने के कारण विमान का दिशा-निर्देशन प्रभावित हुआ और वह निर्धारित हवाई मार्ग से हट गया। इसी दौरान विमान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया।

यह भी पढ़ें- चार महीने पहले घर में बजी थीं शहनाइयां, लुधियाना में अब एक साथ उठीं पति-पत्नी की अर्थियां, भाभी पर लगे गंभीर आरोप

Air India

22 जून को पाकिस्तान पहुंचे विमान का रूट। सौजन्य- रडार24।

पाक यातायात नियंत्रण तंत्र ने दी चेतवानी

बताया जा रहा है कि पाकिस्तान के हवाई यातायात नियंत्रण तंत्र की ओर से विमान के मार्ग को लेकर चेतावनी दी गई। इसके बाद विमान चालक दल ने तुरंत स्थिति का आकलन किया और विमान को वापस भारतीय हवाई क्षेत्र की ओर मोड़ दिया। सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विमान को दोबारा सही मार्ग पर लाया गया।

तकनीकी समस्या और मार्ग परिवर्तन के कारण विमान को अमृतसर पहुंचने में काफी देरी हुई। निर्धारित समय के अनुसार यात्रियों को रात लगभग साढ़े दस बजे अमृतसर पहुंचना था, लेकिन उड़ान करीब चार घंटे की देरी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकी। इससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- अपराध से दूर, हुनर की ओर बढ़ेंगे कदम; पंजाब के आब्जर्वेशन होम में शुरू हुआ नया अभियान

150 यात्री थे सवार

सूत्रों के अनुसार विमान में लगभग 150 यात्री सवार थे। घटना के दौरान किसी भी यात्री को कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित रहे। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

विमानन क्षेत्र के जानकारों का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण कभी-कभी उड़ानों के मार्ग में बदलाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, लेकिन ऐसे मामलों में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। विमान चालक दल और हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र लगातार संपर्क में रहते हैं, जिससे किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।

घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की समीक्षा शुरू कर दी है। तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। फिलहाल सभी यात्रियों के सुरक्षित होने और विमान के सकुशल अमृतसर पहुंचने को सबसे बड़ी राहत माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- SC कमीशन के समक्ष पेश हुए रवनीत बिट्टू, बोले- कानूनी रूप से गलत थे शब्द; आयोग ने धार्मिक स्थलों पर जाने को कहा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।