यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कालेज बस और एक्टिवा में टक्कर, दोनों पक्षों ने साथी बुला की हाथापाई
श्री गुरु रामदास मेडिकल यूनिवर्सिटी की बस ने पिगलवाड़ा के पास आगे जा रहे बाइक सवारों को टक्कर मारकर जख्मी कर दिया।

जासं, अमृतसर: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) से संबंधित श्री गुरु रामदास मेडिकल यूनिवर्सिटी की बस ने पिगलवाड़ा के पास आगे जा रहे बाइक सवारों को टक्कर मारकर जख्मी कर दिया। दोनों पक्षों के बीच हुई गाली गलौच के बाद बाइक सवार एक युवक ने सड़क से ईट उठाकर बस के शीशे पर मार दी। फिर बस चालक और बाइक सवारों ने अपने साथी बुलाकर सड़क पर जमकर गुंडागर्दी की। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने बीच-बचाव किया।
मौके पर मौजूद सतिदर सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम वह अपने भाई सरबजीत सिंह के साथ बाइक पर पिगलवाड़ा की तरफ जा रहा था। इस बीच पीछे से आ रही श्री गुरु रामदास मेडिकल यूनिवर्सिटी की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से दोनों भाई चोटिल हो गए। उन्होंने बस चालक जतिदर सिंह को बस ध्यान से चलाने की नसीहत दी। इस पर भड़के बस चालक ने उनके साथ गाली गलौच करना शुरू कर दिया। सरबजीत ने ईट मारकर बस का शीशा तोड़ दिया। बस चालक ने सड़क पर उतरकर दोनों भाइयों के साथ हाथापाई की। फिर दोनों पक्षों ने कुछ ही देर में अपने अपने चार-पांच समर्थकों को बुलाकर सड़क पर गुंडागर्दी की। राहगीरों ने किसी तरह घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी। उधर, बस अड्डा पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआइ कपिल कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिली है। वह जांच कर रहे हैं। बनती कार्रवाई की जाएगी। घायलों का इलाज करवाया जा रहा है।
