अमृतसर में डेरा राधा स्वामी ब्यास की जमीन के विवाद में चली गोली, सेवादार की मौत; मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
ब्यास के गांव गाजीवाल में डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास की छह कनाल जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष हो ...और पढ़ें
-1793458250075_m.webp)
हत्या मामले में पंजाब पुलिस ने की कार्रवाई। फाइल फोटो
HighLights
गाजीवाल में डेरा ब्यास की जमीन पर खूनी संघर्ष।
गोलीबारी में एक सेवादार की मौत, दूसरा गंभीर घायल।
मुख्य आरोपी युद्धबीर सिंह परिवार सहित गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। ब्यास के गांव गाजीवाल में डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास की खेती वाली जमीन को लेकर चल रहा विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। छह कनाल जमीन को लेकर हुए विवाद में गोलियां चलने से डेरा ब्यास के एक सेवादार की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान मनजीत सिंह निवासी दुलोनंगल के रूप में हुई है, जबकि घायल सेवादार की पहचान दविंदर सिंह के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल बाबा बकाला साहिब में भर्ती करवाया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों सेवादार डेरा ब्यास से संबंधित जमीन पर खेतीबाड़ी के काम के लिए गांव गाजीवाल पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन को लेकर विवाद में शामिल दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि गांव में रहने वाले युद्धबीर सिंह उर्फ जोधा के परिवार के साथ करीब छह कनाल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।
आरोप है कि युद्धबीर सिंह और उसके साथियों ने सेवादारों पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से मनजीत सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
पत्नी और नाबालिग बेटे समेत तीन गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही थाना ब्यास की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित युद्धबीर सिंह उर्फ जोधा, उसकी पत्नी और 16 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गोलीबारी के समय आरोपित के साथ मौजूद अन्य लोग कौन थे और वारदात में उनकी क्या भूमिका रही।
पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास
मामले में एक और घटनाक्रम सामने आया, जब पुलिस मुख्य आरोपित युद्धबीर सिंह को आगे की कार्रवाई के लिए लेकर जा रही थी। पुलिस वाहन में ही आरोपित ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और वहां से भागने का प्रयास किया। इस दौरान उसने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से आरोपित की टांग जख्मी हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
जमीन विवाद की पुरानी रंजिश की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब छह कनाल जमीन को लेकर चल रहे विवाद के पुराने रिकार्ड, दोनों पक्षों के दावों और वारदात के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इसके साथ ही गोलीबारी में इस्तेमाल किए गए हथियारों और बरामद कारतूसों की भी जांच की जाएगी। पुलिस की जांच के बाद ही जमीन के मालिकाना हक, विवाद की वास्तविक वजह और गोलीबारी में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।