पंजाब के चर्चित मैड संधू हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, गुजरात से दबोचे गए 3 आरोपी
गुजरात एटीएस ने मैड संधू हत्याकांड में गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के तीन गुर्गों को वलसाड, गुजरात से गिरफ्तार किया है। अमृतसर पुलिस टीम उन्हें लेने गुजरात रवाना हो गई है।

मैड संधू की फाइल फोटो।
HighLights
गुजरात एटीएस ने तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया
गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के इशारे पर वारदातें करते थे
अमृतसर पुलिस आरोपितों को लेने गुजरात पहुंची
जागरण संवाददाता, अमृतसर। गुजरात एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (एटीएस ने मधूसूदन उर्फ मैड संधू हत्याकांड में तीन गुर्गों को रविवार सुबह गुजरात के वल्साड जिले के वापी इलाके से गिरफ्तार किया।
पता चला है कि तीनों आरोपित विदेश में बैठकर रंगदारी और हत्याओं को अंजाम देने वाले गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के इशारे पर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तारी की भनक लगते ही अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस की टीम रविवार सुबह ही गुजरात के लिए रवाना हो गई।
सोमवार दोपहर तक वह आरोपित को लेकर अमृतसर पहुंचेंगे। पुलिस ने आरोपितों की पहचान हरसिमरनजीत सिंह उर्फ सिमू सिंग्गा, फतेह सिंह और अरमान सिंह के रूप में बताई है।
इससे पहले पुलिस द्वारा मैड संधू को गोलियां मारने वाले शूटर परमिंदर सिंह को गुजरात के अहमदाबाद जिले से गिरफ्तार किया था। जांच में स्पष्ट हो चुका है कि उक्त घटनाक्रम को अंजाम पटियाला के गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के इशारे पर सुपारी देकर अंजाम दिया गया है।
गोल्डी ढिल्लों काफी साल पहले से सुरक्षा एजेंसियों को गच्चा देकर विदेश भागने में फरार हो गया था। उल्लेखनीय है कि पुलिस इस हत्याकांड में जालंधर के लोहिया खास निवासी परमिंदर सिंह उर्फ काका (मुख्य शूटर), कपूरथला स्थित ताशपुर निवासी अमनदीप सिंह (शूटर का भाई), परमवीर सिंह, बलजिंदर सिंह, बलराज सिंह और विकास सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। मैड संधू की हत्या पांच अक्टूबर को की गई थी।
