श्रम कानूनों को लेकर घेरा डीसी कार्यालय
। श्रम कानूनों में किए जा रहे संशोधनों के खिलाफ विभिन्न ट्रेड यूनियन संगठनों के कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, अमृतसर
श्रम कानूनों में किए जा रहे संशोधनों के खिलाफ विभिन्न ट्रेड यूनियन संगठनों के कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
जिला प्रशासन के अधिकारियों को ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों की ओर से ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शन में मजदूर संगठनों सीटीयू, एटक, एचएमएस, इंटक के कार्यकर्ता शामिल हुए। औद्योगिक यूनिटों के वर्करों को संबोधित करते हुए ट्रेड यूनियन नेताओं अमरजीत सिंह आसल, कुलवंत सिंह बावा, जगतार सिंह कर्मपुरा और सुरिदर शर्मा ने कहा कि लंबे संघर्षों के बाहर हासिल किए अधिकारों को केंद्र सरकार मजदूरों से एक एक करके छीन रही है। उनकी मांग है कि लेबर कानून के चार कोड रद करके 44 लेकर कानूनों को बहाल किया जाए। पब्लिक सेक्टर के संस्थानों का निजीकरण बंद किया जाए। कोरोना महामारी के दौरान जिन वर्करों का रोजगार चला गया है उनको बेरोजगारी भत्ता दिया जाए। वेतन जाम करने व डीए की किश्त को रोकने के फैसले वापस लिए जाएं। बिजली एक्ट 2020 और मोटर व्हीकल एक्ट 2020 को वापस लिया जाए। इस दौरान ट्रेड यूनियन नेताओं विजय मिश्रा, ब्रह्मदेव शर्मा, दसविदर कौर, सुखवंत सिंह आदि ने भी संबोधित किया।