3.80 लाख की ड्रग मनी के साथ दो गैंगस्टर गिरफ्तार
ं। अमृतसर देहाती और तरनतारन पुलिस ने संयुक्त आपरेशन में जंडियाला से दो नशा तस्करों को रविवार की शाम गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर/ तरनतारन
अमृतसर देहाती और तरनतारन पुलिस ने संयुक्त आपरेशन में जंडियाला से दो गैंगस्टरों को रविवार की शाम गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से पिस्तौल, रिवाल्वर, 15 कारतूस, 3.80 लाख की ड्रग मनी, दो बाइक, एक कार और नशे की गोलियां बरामद कर केस दर्ज किया गया है।
डीएसपी सुखविदपाल सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों की पहचान नथोके गांव निवासी प्रभजीत सिंह और पखोके गांव निवासी जगरूप सिंह के रूप में बताई है। दोनों आरोपितों के खिलाफ तरनतारन जिला के वेरोवाल और जंडियाला में नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं।
डीएसपी ने बताया कि तरनतारन पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त दोनों वांछित गैंगस्टर जंडियाला के ज्योतिसर इलाके में एक घर में छिपे बैठे हैं। इसी आधार पर सब इंस्पेक्टर हरसंदीप सिंह और सीआइए स्टाफ के इंचार्ज अजयपाल सिंह ने तरनतारन पुलिस के साथ मिलकर उक्त घर को चारों तरफ से घेर लिया। आरोपितों को बार-बार घर से बाहर आने के लिए कहा गया। लगभग दो घंटे चले अभियान के बाद प्रभजीत सिंह और जगरूप सिंह को किसी तरह घर से बाहर निकाला गया। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को वहां से एक पिस्तौल 32 बोर, एक रिवाल्वर 32 बोर, 3.80 लाख की ड्रग मनी, चार मोबाइल व 15 कारतूस मिले। डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि विगत में हुई वारदातों में भी आरोपितों का संलिप्तता रही है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों गैंगस्टरों को तरनतारन पुलिस के हवाले कर दिया है। तरनतारन के डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल ने बताया कि आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।