कांग्रेस ने विकास किया, मोदी ने गुमराह किया : औजला
कांग्रेस प्रत्याशी गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य के लागों की भलाई के लिए काम किए हैं।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : अमृतसर संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह की अगुवाई में पंजाब सरकार ने दो वर्ष के कार्यकाल में राज्य के लागों की भलाई के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। यही वजह है कि लोकसभा चुनाव की 13 सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करवाएगी। भाजपा को करारी हार मिलेगी, जिससे केंद्र में राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।
गुरजीत औजला मंगलवार को हलका अटारी में विधायक तरसेम सिंह डीसी की अगुवाई में आयोजित चुनाव रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देशवासियों को भारत—पाकिस्तान के मध्य जंग भय दिखाकर गुमराह किया। मोदी की नीतियों ने अटारी सीमा से भारत पाकिस्तान के बीच व्यापार में 200 प्रतिशत कस्टम ड्यूटी लगाकर सरहदी क्षेत्र के हजारों परिवारों की रोजी रोटी छीन ली। मोदी सरकार द्वारा बेरोजगारों की गिनती में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता को गुमराह करने, देश की फौजों के नाम पर राजनीति करना, देश के शहीदों का अपमान करने वाली मोदी सरकार को जनता लोकसभा चुनाव में करारा सबक देगी।
इस अवसर पर मनजीत सिंह, साहिब सिंह, तरलोक सिंह, सूबा सिंह, भीका सरपंच, अशोक कुमार, दलविदर सिंह रंधावा, डॉ. संतोख सिंह सहित भारी संख्या में कांग्रेस वर्कर उपस्थित थे।