16 वर्षीय लड़की के पेट से निकली 15 किलो की रसौली
सरीन अस्पताल की डाक्टरों की टीम ने 16 वर्षीय लड़की की बच्चेदानी में 15 किलो की रसौली निकालकर उसको नया जीवनदान दिया है।
संवाद सहयोगी, अमृतसर : सरीन अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने 16 वर्षीय लड़की की बच्चेदानी से 15 किलो की रसौली निकालकर उसको नया जीवनदान दिया है। इस टीम में कैंसर उपचार विशेषज्ञ डॉ. विवेक गुप्ता, अस्पताल के प्रमुख डॉ. संजीव सरीन, डॉ. विवेक महाजन, डॉ. गीतांजली सरीन और डॉ. सुधीर शामिल थे। लड़की के पिता रविदरपाल सिंह निवासी फिरोजपुर ने बताया कि उनकी बेटी को पिछले काफी समय से माहवारी आने की समस्या थी, जिस कारण वह काफी अस्वस्थ रहती थी। उसके उपचार करवाने के बाद भी वह ठीक नही हुई। उनके परिवारिक सदस्यों ने अमृतसर के बटाला रोड स्थित सरीन अस्पताल में उपचार करवाने का सुझाव दिया। उपचार के दौरान यह बात सामने आई कि लड़की की बच्चेदानी में रसौली है। इसका गत दिनों डॉक्टरों की टीम ने सफल ऑप्रेशन किया है। डॉ. सरीन ने बताया कि मरीज के लिए यह रसौली जानलेवा हो सकती थी। डॉ. विवेक गुप्ता के नेतृत्व में किया गया ऑप्रेशन सफल रहा है। 15 किलो की रसौली का निकलना आश्चर्यजनक है।