प्रतिभा सिंह के प्रत्याशी होने की अटकलों के बीच विक्रमादित्य सिंह करेंगे मंडी का दौरा
मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रवास के अब यहां कांग्रेस नेता पहुंच रहे हैं। प्रतिभा सिंह को उपचुनाव में उतारे जाने की अटकलों के बीच विक्रमादित्य सिंह भी सक्रिय हो गए हैं।
मंडी, जागरण संवाददाता। मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रवास के अब यहां कांग्रेस नेताओं ने डेरा डालना शुरू कर दिया हैं। कांग्रेस पार्टी की तरफ पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को उपचुनाव में उतारे जाने की अटकलों के बीच शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह भी सक्रिय हो गए हैं। वह 23 अगस्त से मंडी व कुल्लू जिला का दौरा करेंंगे। पिता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद वह पहली बार मंडी व कुल्लू जिला का दौरा करेंगे। चार दिवसीय प्रवास के लिए उन्होंने मंडी,करसोग, रामपुर व आनी हलके को चुना है। विक्रमादित्य सिंह 23 अगस्त को विपाशा सदन मंडी में युवा कांग्रेस की तरफ से आयोजित किए जा रहे हम में है राजीव सम्मेलन में भाग लेंगे। शाम वह करसोग के लिए रवाना होंगे। 24 अगस्त को करसोग में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मलेन में शिरकत करेंगे। देर शाम करसोग से शिमला जिला के रामपुर के लिए रवाना होंगे। रामपुर विधानसभा क्षेत्र मंडी संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। यहां वह कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के अलावा पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम पदम पैलेस में होगा। 26 अगस्त को कुल्लू जिला के आनी में कार्यकर्ता सम्मलेन में भाग लेंगे। विक्रमादित्य सिंह से प्रवास से ठीक दो दिन पहले मंडी में कांग्रेस के सहप्रभारी संजय दत्त ने डेरा डाल लिया है। वह दो दिन तक विश्वकर्मा मंदिर में कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलेंगे। इसकी शुरुआत शनिवार को चार मंडलों की बैठक के साथ कर चुके हैं। उपचुनाव कब होगा, चुनाव आयोग की चुप्पी को देखते हुए इस बात पर अभी संशय बना हुआ है।