World Disability Day 2019 : दिव्यांगजन पुनर्वास के लिए यूपी को मिला सर्वोत्तम राज्य का पुरस्कार
World Disability Day 2019 उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में दिव्यांगजन पुनर्वास के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम पुरस्कार दिया।
लखनऊ, जेएनएन। दिव्यांगजन पुनर्वास के क्षेत्र में उप्र ने सभी राज्यों को पछाड़ दिया। यह बड़ी उपलब्धि है कि उत्तर प्रदेश ने तीन श्रेणियों में पहला स्थान प्राप्त किया है। इनमें वाराणसी जिला भी सर्वोत्तम घोषित हुआ है। यह पुरस्कार मंगलवार को विश्व दिव्यंगजन दिवस के मौके पर नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने सरकार के प्रतिनिधि अधिकारियों को प्रदान किया।
केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा मंगलवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में दिव्यांगजन पुनर्वास के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम पुरस्कार दिया गया। दो अन्य श्रेणियों में भी उत्तर प्रदेश को पुरस्कृत किया गया है। समारोह में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से राज्य सरकार की ओर से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता और वाराणसी के तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह (अब मुख्यमंत्री के विशेष सचिव) यह पुरस्कार प्राप्त किया।
अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सुगम्य भारत अभियान के क्रियांवयन के लिए उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम राज्य का पुरस्कार प्रदान किया गया है। विभाग की वेबसाइट को सर्वोत्तम दिव्यांग हितैषी वेबसाइट और सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए वाराणसी को सर्वोत्तम जिले का पुरस्कार प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि सर्वोत्तम सुगम्य वेबसाइट (http://uphwd.gov.in) में दृष्टिबाधित दिव्यांगजन स्क्रीन रीडर साफ्टवेयर का प्रयोग किया गया है। कंप्यूटर में माउस का प्रयोग करने में कठिनाई महसूस करने वाले व्यक्ति इस वेबसाइट पर वाइस रिकगनिशन साफ्टवेयर का प्रयोग कर सकते हैं। इसमें वर्बल कमांड पर कंप्यूटर काम करता है। वाराणसी में दिव्यांगों के लिए अच्छा काम होने के कारण ही सर्वोत्तम जिले का पुरस्कार मिला है।