यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- कैलाश मानसरोवर यात्रा अब होगी आसान
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रियों को केंद्र की मोदी सरकार ने लिंक रोड का तोहफा दिया है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रियों को केंद्र की मोदी सरकार ने लिंक रोड का तोहफा दिया है। लिंक रोड के कारण कैलाश मानसरोवर यात्रा सुगम हो जाएगी। कैलाश मानसरोवर यात्रा 21 दिन की बजाय केवल एक सप्ताह में पूरी हो सकेगी और यात्रियों को दुर्गम रास्तों से भी नहीं गुजरना होगा। यह रोड कैलाश मानसरोवर के लिए गेटवे साबित होगी।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए अब तक यात्रियों को आधार शिविर धारचूला से लगभग 80 किलोमीटर यात्रा पैदल ही करनी पड़ती थी। दुर्गम स्थलों से होकर गुजरने वाली यात्रा बहुत कठिन थी। यात्रियों को पहली शाम आधार शिविर में रहना पड़ता था। चीन की सीमा तक सड़क बनने से अब कैलाश यात्री दिल्ली से सीधे लिपुलेख पहुंच सकेंगे। इस सड़क के बनने से कठिन मानी जाने वाली यात्रा आसान हो सकेगी। इसके अलावा, छोटा कैलाश की यात्रा भी सुगम होगी।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से आर्थिक विकास भी तेज होगा और चीन सीमा पर सैनिकों की तैनाती और रसद आपूॢत भी आसान होगी। उप मुख्यमंत्री ने सीमा सड़क संगठन द्वारा किये गए इस कठिन कार्य की तारीफ की। गौरतलब है कि चीन सीमा के लिए बनी 80 किमी लंबी घट्टाबगढ़ लीपुलेख सडक़ का हाल ही में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये उद्घाटन किया था।
भोलेनाथ से प्रार्थना, प्रधानमंत्री का आभार
लिंक रोड के निर्माण के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री व रक्षामंत्री का अभिनंदन किया है। वहीं, कैलाश पति से प्रार्थना करते हुए कहा है कि भगवान भोलेनाथ कोरोना वायरस रूपी वैश्विक संकट से देश की रक्षा करें।