Move to Jagran APP

कांग्रेस पर बरसीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा- गांधी परिवार की सोच खुद की प्रगति तक सीमित

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास व कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को जितनी तेजी से मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां गिनायीं उसी रफ्तार से वह कांग्रेस को भी कोसती चली गईं।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Sat, 27 Jun 2020 10:25 PM (IST)Updated: Sat, 27 Jun 2020 10:52 PM (IST)
कांग्रेस पर बरसीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा- गांधी परिवार की सोच खुद की प्रगति तक सीमित
कांग्रेस पर बरसीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा- गांधी परिवार की सोच खुद की प्रगति तक सीमित

लखनऊ, जेएनएन। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास व कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को जितनी तेजी से मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां गिनायीं, उसी रफ्तार से वह कांग्रेस को भी कोसती चली गईं। वर्चुअल जनसंवाद रैली में उन्होंने कहा कि गांधी परिवार की सोच उनके परिवार की प्रगति तक ही सीमित है, जो बहुत हानिकारक है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने 70 साल देश को लूटा, उनके लिए यह बातें मायने नहीं रखतीं। क्या कोई कल्पना कर सकता था कि देश ऐसा मंजर देखेगा कि एक के बाद एक मनमोहन सरकार के मंत्री पॉलीटिकल हफ्ता देंगे। 

loksabha election banner

राजीव गांधी फाउंडेशन के चंदे का सवाल उठाते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि बुंदेलखंड में जहां राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाली मां-बेटियां हुईं, वहीं रायबरेली सांसद बच्चों के लिए देश को लूटने में कसर नहीं छोड़ रहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले वर्ष की उपलब्धियों को लेकर प्रदेश में भाजपा द्वारा लगातार ऑनलाइन जनसंवाद रैलियां आयोजित की जा रही हैैं। शनिवार को आयोजित ऐसी ही रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मुख्य वक्ता थीं।

मध्याचंल की इस जनसंवाद रैली में अवध, कानपुर व बुंदेलखंड क्षेत्र के समर्थक और कार्यकर्ता जुड़े। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने उनसे कहा कि राष्ट्र की बागडोर काबिल हाथों में हो तो संघर्ष सफलता में बदलता है। देश की कमान जनता के आशीर्वाद व कार्यकर्ताओं के प्रयास से राष्ट्र नायक नरेंद्र मोदी के हाथ में है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने आयुष्मान भारत से 10 करोड़ परिवारों को चिकित्सा सहायता का संकल्प लिया। यह अकल्पनीय था, लेकिन एक साल के भीतर एक करोड़ से अधिक परिवारों को देश और 18 लाख परिवारों को उत्तर प्रदेश में सहयोग मिल चुका है।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि जिन्होंने 70 साल देश को लूटा, उनके लिए यह बातें मायने नहीं रखतीं। क्या कोई कल्पना कर सकता था कि देश ऐसा मंजर देखेगा कि एक के बाद एक मनमोहन सरकार के मंत्री पॉलीटिकल हफ्ता देंगे। किसी ने सोचा था कि यूपीए अध्यक्ष ऐसा संस्थान स्थापित करेंगी, जिसमें मेहुल चैकसी जैसों से चंद लिया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हुंकार भरी कि अमेठी में आपकी घड़ी बंद हो चुकी है, अब रायबरेली का परिणाम बदलने में देर नहीं लगेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी को इतना क्या बैर है हिंदुस्तान से कि दुश्मन से हाथ मिलाओ, चोरों से पैसा लो, रिमोट कंट्रोल बना दो पीएम को और प्रधानमंत्री राहत कोष से भी पैसा उठा लिया। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की भी सराहना की। तमाम योजनाएं और उपलब्धियां गिनाईं।

यूपी के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि आज हम सब जानते हैं कि पूरे भारत वर्ष की राजनैतिक स्थिति व सामरिक स्थिति में तमाम परिवर्तन बड़ी तेजी के साथ देश में आए है। एक तरफ पड़ोसी देश चीन की चुनौती है तो दूसरी तरफ पाकिस्तान की चुनौती, वहीं तीसरी तरफ नेपाल को दिग्भ्रमित करने का काम पड़ोसी देश कर रहे हैं। ऐसी अवस्था में कोरोना की जंग आन्तरिक विषय के रूप में हमारे सामने आता है। उन्होंने कहा कि चारों तरफ से संकटों का सामना करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। एक ऐसे भारत का सपना जहां नागरिक अपनी जंग को लड़ता हुआ और खुद व्यवस्थित करते हुए राष्ट्र एवं राज्य के प्रति अपनी समर्पण भावना को व्यक्त करते मजबूती के साथ आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि एक टीम भावना के साथ पूरी एकता से देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ एक संकट एक साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने केन्द्र सरकार का पूरा साथ देते हुए काम किया। जब कोरोना के कारण श्रमिकों की पैदल अपने घरों की तरफ जाने की तस्वीर सामने आ रही थी तब योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार ने राजस्थान से अपने छात्रों को वापस लाने की पहल की। जिसके बाद रिकार्ड स्तर पर ट्रेन के माध्यम से श्रमिकों को न सिर्फ वापस लाया गया बल्कि उनकी स्किल मैपिंग करते हुए उनके रोजगार सृजन की तैयारी कर उत्तर प्रदेश रोजगार अभियान का शुभारम्भ भी कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं समेत सभी वर्गों के कल्याण के लिए केन्द्र सरकार के साथ कंधे से कंधां मिलाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश की तस्वीर को बदलने का काम कर रहे है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि नारी उस वृक्ष की तरह है जो विषम परिस्थितियों में भी जरूरतमन्द लोगों को फल और छाया देने का काम करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रही इन विषम परिस्थितियों में कोरोना से इस लड़ाई में हमारी नारी शक्ति समाज के हर क्षेत्र में अपना अतुलनीय योगदान देकर देश के हाथों को मजबूत करने का काम कर रही हैं। मोदी सरकार-2 के एक वर्ष के उपलब्धियों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मजबूत इरादे हो तो सब कुछ संभव है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने धारा 370 की समाप्ति, राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना, नागरिकता संशोधन कानून लागू करना, ट्रिपल तलाक की प्रथा को समाप्त कर मुस्लिम माताओं व बहनों को न्याय दिलाकर ऐतिहासिक कार्य मात्र एक वर्ष में करके दिखाए है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सेवा परमो धर्म: के मूल मंत्र के साथ भाजपा कार्यकर्ता सरकार की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करते हुए उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जरूरतमंदों तक मास्क, सैनिटाइजर, आदि पहुंचाने का कार्य कर रहे है। उनके समर्पण भाव को नमन करता हूं। ‬उन्होंने प्रदेश की जनता का आह्वान करते हुए कहा कि हम सभी 23 करोड़ प्रदेश वासियों की जनशक्ति के संकल्प तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाने की दृष्टि की बदौलत हम अपने लक्ष्यों को अवश्य प्राप्त करेंगे और साथ ही कोरोना को शिकस्त देने में सफल होंगे। कोरोना हारेगा, देश जीतेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.