बंगाल: सत्ता गंवाने के बाद तृणमूल में पुनर्गठन की कवायद, पुराने नेताओं की वापसी और नए समीकरणों के संकेत
विधानसभा चुनाव में पराजय और आंतरिक टूट के बाद तृणमूल कांग्रेस अपने राजनीतिक आधार को फिर से मजबूत करने की ...और पढ़ें
-1794658743374_m.webp)
टूट के बाद तृणमूल में नए सिरे से गोलबंदी की कोशिश (फाइल फोटो- ममता बनर्जी)
HighLights
ममता के इर्द-गिर्द पुराने नेताओं को जोड़ने की कवायद
पार्टी में नई जिम्मेदारियों को लेकर भी सुगबुगाहट तेज
इंद्रजीत सिंह, कोलकाता । बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद बिखरती तृणमूल कांग्रेस अब अपने राजनीतिक आधार को दोबारा समेटने की कोशिश करती दिख रही है। विधानसभा चुनाव में पराजय और पार्टी में बड़ी टूट के बाद ममता बनर्जी के सामने चुनौती केवल संगठन को संभालने की नहीं, बल्कि पुराने नेताओं को साथ लाने, कार्यकर्ताओं का भरोसा बहाल करने और भाजपा के खिलाफ व्यापक राजनीतिक रणनीति तैयार करने की भी है।
शुक्रवार को कोलकाता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रियरंजन दासमुंशी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में एक के बाद एक सामने आए तीन घटनाक्रम इसी नई राजनीतिक कवायद के संकेत दे रहे हैं।
हावड़ा के सांसद प्रसून बनर्जी का एनसीपीआई छोड़कर ममता तृणमूल में लौटने का संकेत देना, ऋतब्रत बनर्जी गुट में शामिल विधायक मदन मित्रा का अभिषेक बनर्जी के बजाय पार्टी विधायक कुणाल घोष और सांसद कल्याण बनर्जी को पार्टी की जिम्मेदारी देने की पैरवी करना और कुणाल घोष का कांग्रेस तथा वामदलों के साथ भाजपा विरोधी संयुक्त मोर्चे का प्रस्ताव रखना, इन तीनों को अलग-अलग बयान मानकर नहीं देखा जा सकता।
इनके पीछे सत्ता गंवाने के बाद तृणमूल के सामने खड़े तीन बड़े सवाल हैं- संगठन को फिर से कैसे एकजुट किया जाए, नेतृत्व की मौजूदा कार्यशैली में क्या बदलाव हो और भाजपा से मुकाबले के लिए राजनीतिक आधार का विस्तार कैसे हो।
अभिषेक की भूमिका पर पुनर्विचार, पुराने नेताओं की घरवापसी के संकेत
दरअसल, चुनावी पराजय के बाद तृणमूल के भीतर एक बड़ा वर्ग संगठन की मौजूदा कार्यशैली और नेतृत्व के केंद्रीकरण को टूट का कारण मान रहा है। इसी पृष्ठभूमि में मदन मित्रा का शुक्रवार का बयान महत्वपूर्ण है। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट में जाने के बाद वह लगातार अभिषेक के खिलाफ मुखर रहे हैं और पार्टी की टूट के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराते रहे हैं।
यहां तक कि ममता बनर्जी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए थे। लेकिन अब उन्होंने कहा है कि अभिषेक की जगह यदि कुणाल घोष और कल्याण बनर्जी को पार्टी की जिम्मेदारी देकर काम करने दिया जाता है तो तृणमूल का भविष्य बदल सकता है। उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व की सराहना भी की है।
मदन के इस बयान का राजनीतिक महत्व इसलिए भी है कि वह केवल संगठन में चेहरे बदलने की बात नहीं कर रहे, बल्कि पार्टी की निर्णय प्रक्रिया और जिम्मेदारियों के बंटवारे में बदलाव की पैरवी कर रहे हैं। इसी बीच प्रसून बनर्जी का बयान पार्टी में संभावित घरवापसी की चर्चा को हवा दे रहा है।
तृणमूल से अलग होकर पांच महीने पहले एनसीपीआइ में शामिल हुए प्रसून ने कहा कि वह अभी दूसरी पार्टी में हैं, लेकिन वापस लौटेंगे। हालांकि वापसी की तारीख या प्रक्रिया स्पष्ट नहीं की।
भाजपा विरोधी मोर्चे की पहल, लेकिन भरोसे का संकट बरकरार
तृणमूल के सामने दूसरी चुनौती भाजपा के खिलाफ व्यापक राजनीतिक गोलबंदी की है। प्रियरंजन दासमुंशी की प्रतिमा अनावरण के कार्यक्रम में कुणाल घोष ने तृणमूल, कांग्रेस और वामदलों को एक साथ आकर भाजपा के खिलाफ लड़ने का प्रस्ताव दिया। उनका तर्क था कि अलग-अलग चुनाव लड़ने से भाजपा को राजनीतिक लाभ मिल सकता है।
इन घटनाक्रमों का साझा संकेत यह है कि तृणमूल में ममता बनर्जी के नेतृत्व के इर्द-गिर्द संगठन को फिर से एकजुट करने की जरूरत महसूस की जा रही है। हालांकि इसके लिए केवल पुराने नेताओं की वापसी या संगठन में जिम्मेदारियों का फेरबदल पर्याप्त नहीं होगा। बागी नेताओं की वापसी, वरिष्ठ नेताओं का सम्मान, संगठन में कार्यकर्ताओं की भागीदारी और सहयोगी दलों के साथ भरोसे का रिश्ता बहाल करना भी जरूरी होगा।
फिलहाल ममता तृणमूल के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वह बिखरे हुए राजनीतिक आधार को फिर से एकजुट कर पाएगी या नहीं। ताजा ये घटनाक्रम बताते हैं कि पार्टी के भीतर पुनर्गठन की जरूरत को लेकर चर्चा तेज हो रही है, लेकिन यह बेचैनी किसी साझा रणनीति में बदलेगी या अलग-अलग गुटों के बीच खींचतान जारी रहेगी, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।