Tiranga Yatra in Gujarat: टुकड़े-टुकड़े गैंग के सपने साकार नहीं होने देंगेः विजय रूपाणी
Tiranga Yatra in Gujarat. मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि पूर्व के शासकों ने देश की एकता अखंडता व सार्वभौम के लिए काम नहीं किया।
अहमदाबाद, जेएनएन। Tiranga Yatra in Gujarat. गुजरात के राजकोट में वीरवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में निकली तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि पूर्व के शासकों ने देश की एकता, अखंडता व सार्वभौम के लिए काम नहीं किया। पीएम नरेंद्र मोदी व अमित शाह ने सालों पुरानी समस्याओं का निराकरण कर कश्मीर को भारत का अविभाज्य अंग बनाया। कांग्रेस, जेएनयू, ममता बनर्जी टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ खड़े हैं।
गुजरात के राजकोट शहर में तिरंगा एकता समिति की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें दो किलोमीटर लंबे तिरंगे को लेकर शहर के नागरिक, बच्चे व एनसीसी कैडेट बहुमाली भवन से निकले और करीब पांच किमी चलकर गांधी म्यूजियम तक पहुंचे। रूपाणी ने कहा कि पाकिस्तान,बांग्लादेश में हिंदू युवतियों का उत्पीड़न व दुष्कर्म होता है। अपने परिवार को बचाने के लिए कई परिवार संपत्ति व सामान छोड़कर भारत आए, लेकिन वोट बैंक की राजनीति के चलते उन्हें यहां की नागरिकता नहीं दी गई।
कांग्रेस, जेएनयू, ममता बनर्जी टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ खड़े हैं। ये ताकतें देश को मजबूत नहीं होने देना चाहतीं, इसलिए साजिशें करते हैं। रूपाणी ने कहा कि कुछ ताकतें देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। टुकड़े-टुकड़े गैंग देश को तोड़ने की हरकत कर रही है, लेकिन उनके सपने साकार नहीं होने देंगे। नागरिकता कानून के समर्थन में सूरत, भावनगर, कडी, भरुच आदि शहरों में यात्राएं निकाली जा चुकी हैं।
रूपाणी ने कहा भाजपा के चुनावी एजेंडा में कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त करने, तीन तलाक, नागरिकता संबंधी वादे किए गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने वादा पूरा करते हुए अनुच्छेद 370 समाप्त किया। ट्रिपल तलाक को खत्म किया। विभाजन के बाद भारत लौटे शरणार्थियों को भारत की नागरिकता देकर सम्मान से जीने का हक दिया। रूपाणी ने युवाओं व महिलाओं से आह्वान किया कि नए मजबूत भारत के लिए सीएए के समर्थन में आएं, ताकि टुकड़े-टुकड़े गैंग के मंसूबे पूरे नहीं हो सकें।