अब Sunny Deol के नाम पर दुविधा, भाजपा EVM पर नामांकन वाला नाम चाहती है बदलवाना
लोकसभा चुनाव के लिए Sunny Deol ने नामांकन अजय सिंह धर्मेंद्र देयोल से किया है। भाजपा अब चाहती है कि EVM पर उनका नाम अजय सिंह धर्मेंद्र देयोल की जगह सनी देओल लिखा जाए।
पठानकोट, [वीरेन पराशर]। गुरदासपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी Sunny Deol को लेकर एक अजीब दुविधा खड़ी हो गई है। सनी ने चुनाव के लिए अपना नामांकन अजय सिंह धर्मेंद्र देयोल के नाम से कराया है। ऐसे में भाजपा नेताओं को लगता है कि कहीं वाेटर उनके इस नाम को लेकर धोखा न खा जाए। ऐसे में भाजपा सतर्क हो गई है। भाजपा ईवीएम पर सनी देयोल नाम लिखवाना चाहती है।
पार्टी ने इसके लिए चुनाव आयोग से संपर्क किया है और ईवीएम पर अजय सिंह धर्मेंद्र देयोल की बजाय सनी देयोल अंकित करने का आग्रह किया है। अभिनेता से नेता बने सनी देओल इसी नाम से फैंस के बीच जाने जाते हैं। एक बहुत बड़ा वर्ग उनके असली नाम अजय सिंह से परिचित नहीं है।
दो नामों की दुविधा दूर करने की तैयारी में पार्टी, नामांकन में अजय सिंह धर्मेंद्र देओल है नाम
नामांकन के हलफनामे में भी उन्होंने सारी जानकारी अजय सिंह धर्मेंद्र देयोल के नाम से दी है। भाजपा को डर है कि इस नाम से वोटर दुविधा में पड़ सकते हैं। खात बात यह है कि चुनाव सामग्री में कहीं भी अजय सिंह धर्मेंद्र देयोल नहीं लिखा गया है। हर जगह सनी देयोल ही लिखा गया है। भाजपा सनी देयोल की एक्टर वाली इमेज को भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। बहुत से बुजुर्ग व ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाता उनकी फोटो भी ठीक से नहीं पहचान पाते हैं।
क्या है नियम
चुनाव आयोग के नियम के अनुसार ईवीएम पर वही नाम अंकित होता है, जो वोटर सूची में दर्ज हो। वोटर सूची में भी सनी का नाम अजय सिंह धर्मेंद्र देयोल ही है। ऐसे में भाजपा की अपील पर आयोग क्या रुख अपनाता है, यह देखने वाली बात होगी।
बदला जा सकता है नाम
चुनाव काननूगो ने कहा कि भाजपा ने इसके लिए हलफनामा दिया है कि अजय सिंह धर्मेंद्र देयोल का प्रचलित नाम सनी देयोल है। इसलिए ईवीएम पर भी यही नाम अंकित किया जाए। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नाम बदला जा सकता है।