महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर UP विधानमंडल का विशेष सत्र : सपा विधायकों का विधानभवन में प्रदर्शन
यूपी विधानमंडल के विशेष सत्र में भाग न लेकर समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने गुरुवार को विधानभवन प्रागंण में स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के निकट धरना दिया।
लखनऊ, जेएनएन। संयुक्त राष्ट्र संघ के निर्धारित सतत विकास के लक्ष्यों को लेकर महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर लगातार 36 घंटे चले विधानमंडल के विशेष सत्र में भाग न लेकर समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने गुरुवार को विधानभवन प्रागंण में स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के निकट धरना दिया। सरकार विरोधी नारे लिखीं तख्तियां हाथों में लिए सपा विधायकों ने जमकर नारेबाजी भी की।
विशेष सत्र के दूसरे दिन सपा अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का नया तरीका खोज लिया। गुरुवार दोपहर बाद करीब तीन बजे नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी व विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन के नेतृत्व में विधानभवन स्थित कक्ष में विधायक एकत्रित हुए। लाल टोपी लगाए सपा विधायक अपने साथ लाल व काले रंग की तख्तियां लिए थे, जिन पर लाठी डंडों की सरकार, नहीं चलेगी, नहीं चलेगी।
सीबीआइ तथा ईडी का, राजनीतिकरण बंद करो, बंद करो। गांधी के कातिल सब गोडसे के साथ है, मै गोडसे के दौर में गांधी के साथ हूं। निर्दोषों का फर्जी एन्काउंटर, बंद करो, बंद करो। शाहजहांपुर की छात्रा के सम्मान की रक्षा करो। जैसे नारे तख्तियों पर लिखे थे। इस मौके पर अमिताभ वाजपेयी, रफीक अंसारी, बलराम यादव, मनोज पांडेय, संजय लाठर, अरविंद कुमार सिंह, नफीस व नरेंद्र वर्मा भी मौजूद थे।