Move to Jagran APP

UP CAB Protest News: नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में लखनऊ और सम्भल में हिंसा, एक की मौत

Lucknow CAB Protest News सपाइयों ने विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं प्रदर्शनकार‍ियों ने हसनगंज पुल‍िस चौकी में तोड़फोड़कर वहां खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी।

By Anurag GuptaEdited By: Published: Thu, 19 Dec 2019 10:50 AM (IST)Updated: Fri, 20 Dec 2019 08:35 AM (IST)
UP CAB Protest News: नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में लखनऊ और सम्भल में हिंसा, एक की मौत
UP CAB Protest News: नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में लखनऊ और सम्भल में हिंसा, एक की मौत

लखनऊ, जेएनएन। Lucknow CAB Protest News नागरिकता संशोधन कानून के साथ ही प्रदेश की खराब हो चुकी कानून-व्यवस्था को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन बेहद हिंसक हो गया। पश्चिमी से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक लोग सड़कों पर उतर आए और सरकारी संपत्तियों को लगातार निशाना बनाया जाने लगा। कुछ ही देर में सपा के आह्वान पर बुलाए विरोध प्रदर्शन की आग में राजधानी समेत प्रदेश के कई जिले जल उठे।

loksabha election banner

लखनऊ में विरोध दोपहर होते-होते आगजनी, तोड़फोड़, पथराव और फायरिंग में तब्दील हो गया। उपद्रवियों ने दर्जनों सरकारी और निजी वाहनों में आग लगाने के साथ ही दो पुलिस चौकियां फूंक दीं। हिंसा में हुसैनाबाद इलाके में मुहम्मद वकील नाम के व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि जिलानी और वसीम नामक युवक गोली लगने से घायल हुए हैं। उधर, सम्भल में उपद्रवियों ने तीन बसों में आग लगा दी गई, जबकि दो में तोड़फोड़ की। इसके अलावा चौधरी सराय चौकी में पथराव किया। पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। मऊ और वाराणसी में भी पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को तितर-बितर किया। अन्य जिलों में भी नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हुआ।

लखनऊ में परिवर्तन चौक पर कई ओबी वैन भी निशाना बनीं। सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। पथराव में एडीजी जोन, आइजी रेंज, एसपी ट्रैफिक, सीओ हजरतगंज समेत 70 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। कुछ को गंभीर चोटे आई हैैं। हालात बेकाबू होता देख मेट्रो और परिवहन निगम की बसों को अगले आदेश तक रोक दिया गया है। शहर में कफ्र्यू जैसे हालात हैैं। बाजार समेत तमाम सरकारी और निजी कार्यालय समय से पहले बंद करा दिए गए। लोग दहशत के चलते जल्द ही घर निकल गए। विश्वविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैैं। देर रात इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई। हालांकि बीएसएनएल समेत कुछ सर्विस ही चालू है।

डीजीपी ओपी सिंह का कहना है कि पुलिस फायरिंग में किसी की मौत नहीं हुई। उन्होंने कहा मुझे नहीं लगता कि इस मामले का इस आंदोलन और पुलिस कार्रवाई से कोई लेना-देना है। लखनऊ में 55 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। एसएसपी लखनऊ उचित कार्रवाई करेंगे, हम किसी को नहीं बख्शेंगे। अब स्थिति सामान्य है, कुछ घटनाएं ऐसी जगहों पर हुईं जहां प्रदर्शनकारियों ने घोषणा की थी कि वे इकट्ठा होंगे। उन्होंने हम पर पथराव किया और मीडिया की ओबी वैन में आग लगा दी। हमने उनका पीछा किया और आंसू गैस छोड़ी और स्थिति नियंत्रित की गई। 

Lucknow CAB Protest News LIVE : हसनगंज चौकी में आगजनी, कलेक्‍ट्रेट में सपाइयों पर लाठीचार्ज-पथराव में एसपी ट्रैफिक घायल

इससे पहले सुबह से ही हजारों प्रदर्शनकारी पुलिस को चकमा देकर परिवर्तन चौक के आसपास जमा हो गए। इनमें बहुत सारे उपद्रवी अलीगढ़ और दिल्ली से पुलिस को चकमा देकर पहुंचे थे। हसनगंज में उपद्रवी भीड़ ने पुलिस चौकी के सामने खड़े वाहनों को आगे के हवाले कर दिया। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की सतखंडा पुलिस चौकी को आगे के हवाले कर दिया गया। वहीं, हसनगंज में मदेयगंज पुलिस चौकी को प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी। यहां कई इलाकों में उपद्रवियों ने घरों से पुलिस पर पथराव किया। शाम तक शहर के अलग-अलग स्थानों पर हिसंक प्रदर्शनों का दौर जारी था। देर शाम तक 112 उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया।

रक्षा मंत्री ने ट्वीट कर व्‍यक्‍त किया दुःख

हिंसक प्रदर्शन को लेकर भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर दुख व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने लिखा - 'लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश के कुछ अन्य स्थानों पर आज हुई आगजनी एवं हिंसा की घटनाओं के संबंध में मेरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथजी से फ़ोन पर बातचीत हुई है। ये घटनायें बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मैं जनता से शांति बनाये रखने की अपील करता हूं। मैं आज वॉशिंगटन से भारत लौट रहा हूं।'

यह भी पढ़ें : CAA Protest in Lucknow : आग के हवाले हुईं कारें-बरसाए गए पत्‍थर, कैमरे की नजर से देखें दहकता लखनऊ

सम्भल में तीन बसों में लगाई आग, चौकी में पथराव; इंटरनेट सेवा बंद

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन सम्भल में काफी उग्र हो गया। सम्भल के सदर इलाके में कई बसों में आगजनी की गई है। उग्र प्रदर्शनकारियों से पुलिस को दिनभर जूझना पड़ा। इसके साथ पुलिस की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। मीडिया कर्मियों पर हमला किया गया है। यहां पर कई मीडिया कर्मी घायल हैं। इस प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी के साथ कई मुस्लिम संगठन ने बुलाया था। नगरपालिका मैदान में विरोध प्रदर्शन के बाद लौट रही उन्मादी भीड़ ने तीन बसों को आग लगा दी। चौधरी सराय पुलिस चौकी के सामने पहुंची भीड़ ने चौकी में पथराव कर दिया पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। 

शहर कोतवाल की तहरीर पर सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क, सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष फिरोज खान, सम्भल पालिका अध्यक्ष के पति हाजी शकील समेत 17 लोगों को नामजद करते हुए सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। रामपुर में सांसद आजम खां व अन्य सपाइयों ने कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। रामपुर में शहर इमाम समेत कई उलमा ने 21 दिसंबर को रामपुर बंद का एलान किया है। पीलीभीत में धरना देने जा रहे 93 सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। 

पूर्वांचल के जिलों में भी प्रदर्शनकारी सड़क पर आए। वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने बेनियाबाग से जुलूस निकाला। पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर 73 लोगों को गिरफ्तार किया। मऊ में सदर चौक पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे। यहां प्रदर्शन करने वालों ने पथराव शुरू कर दिया जिसके चलते पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। भदोही में विरोध पर उतरे 131 सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। आजमगढ़ में एक पक्ष के लोगों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। जिला प्रशासन ने आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद उल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को नजरबंद करते हुए उनके घर के बाहर कड़ा पहरा लगा दिया था। प्रयागराज में जुलूस निकाल रहे दो सौ से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया।

अमरोहा में पूर्व मंत्री कमाल अख्तर गिरफ्तार

अमरोहा में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जिला मुख्यालय पर धरना देने जा रहे सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर को कार्यकर्ताओं के साथ हसनपुर में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।  पुलिस ने पूर्व मंत्री कमाल अख्तर को भीड़ के साथ हसनपुर में अमरोहा मार्ग पर रोक लिया गया। इसके विरोध में वह सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस सभी को किसान इंटर कॉलेज ताहरपुर में ले आई, वहीं रखा गया है। आसपास बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स तैनात है।

ब्रज में सपाइयों का प्रदर्शन, गिरफ्तार

समाजवादी पार्टी के प्रदेश व्यापी आंदोलन के तहत ब्रज में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। विभिन्न जिलों में उनकी गिरफ्तारी की गई। फीरोजाबाद में पुलिस ने सपाइयों को पानी की बौछार कर खदेड़ दिया। इसके बाद भी प्रदर्शन पर अड़े पूर्व सांसद अक्षय यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। आगरा में धौलपुर हाउस में सपा कार्यालय से जैसे ही पार्टी कार्यकर्ता कलक्ट्रेट के लिए निकले तो उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मथुरा में भी सपाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया। कासगंज में बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक सपा नेता खून से पत्र लिखकर पहुंचा। प्याज की माला पहन कर मंहगाई का विरोध किया। एटा व मैनपुरी में भी गिरफ्तारी दी गई है।

बरेली में धरना नही दे सके सपाई,  ज्ञापन सौंपा

बरेली में नागरिकता संशोधन कानून,  महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी ने गुरुवार दोपहर को दामोदर स्वरूप पार्क में धरने का एलान किया था। इसके लिए सभी सपाई पार्टी कार्यालय पर एकत्रित हुए। उन्होंने धरना स्थल की तरफ रवानगी की, मगर रास्ते में ही पुलिस ने रोक लिया। जिसके बाद सपा जिला अध्यक्ष अगम मौर्य ने पुलिस को वहीं पर ज्ञापन सौंपा और सभी वापस हो गए।

गोरखपुर में पूर्व मंत्री राम भुआल निषाद समेत सपाई गिरफ्तार

गोरखपुर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में धरना दे रहे सपाइयों को पुलिस ने नगर निगम स्थित पार्क से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन ले जाया गया है। आंदोलन के चलते शहर में जाम की स्थिति पैदा हो गई। यहां पर प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रत्येक चौराहो व नगर निगम परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। सपाइयों के इस आंदोलन पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया। शुरू में सपाइयों पर धरना समाप्त करने दबाव बनाया गया, लेकिन जब वह नहीं माने तो उनकी गिरफ्तारी शुरू कर दी गई।  गिरफ्तार होने वाले प्रमुख नेताओं में पूर्व मंत्री रामपाल निषाद, पूर्व विधायक मोहसिन खान, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय यादव,ओ रजनीश यादव, अवधेश यादव, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रबली यादव, प्रहलाद यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष जियाउल इस्लाम, पूर्व पार्षद चंद्रभान प्रजापति, अशोक चौधरी, जफर अमीन डक्कू तथा राम नगीना साहनी आदि शामिल रहे।

मुतवल्लियों के साथ बैठक 

शांति कायम रहे इसके लिए पुलिस-प्रशासन तमाम प्रयास कर रहे हैं। घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने थानों में मदरसों के मुतवल्लियों, सिविल डिफेंस समेत अन्य लोगों के साथ बैठक की। मुतवल्लियों से बच्चों को समझाने की अपील की गई। बच्चों को बताएं कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर कतई ध्यान न दें। मडिय़ांव थाने की बैठक में एएसपी ट्रांसगोमती राजेश कुमार श्रीवास्तव, एडीएम ट्रांसगोमती विश्वभूषण मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

धरने में बैठे आजम खां

रामपुर में समाजवादी पार्टी के प्रदेशव्यापी आह्वान पर सपाइयों ने काली पट्टी बांधकर कार्यालय में  धरना दिया। यहां पर सांसद आजम खां भी धरने में  शामिल रहे।

प्रयागराज में बिना अनुमति के निकाला गया जुलूस, कई गिरफ्तार

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ सपाइयों ने पार्टी के जिला कार्यालय से निकाला जुलूस। कलेक्ट्रेट जाते समय पुलिस फोर्स ने रास्ते मे रोका। पार्टी कार्यालय से करीब 200 मीटर दूर रोके जाने पर सपाई वही धरना देकर बैठ गए। नारेबाजी की। पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस अफसरों ने चेतावनी दी। सपाई नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। छह बस में नेताओ और कार्यकर्ताओं को भरकर पुलिस लाइन ले गए

बरेली में मौलाना ने कहा- नहीं टाला जाएगा पैदल मार्च 

ऑल इंडिया इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां ने गुरुवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जुमे को प्रस्तावित पैदल मार्च टाला नहीं जाएगा। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो गिरफ्तारियां दी जाएंगी और यह सिलसिला तब तक जारी रहेगा जब तक नागरिकता संशोधन कानून सरकार वापस नहीं ले लेती। उनके इस आंदोलन में भीम आर्मी भी शामिल रहेगी।

चित्रकूट में प्रदर्शन कर रहे सपाई गिरफ्तार, पुलिस से धक्कामुक्की

चित्रकूट में सपा कार्यकर्ताओं ने कर्वी के ट्रैफिक चौराहा के पास प्रदर्शन व नारेबाजी की। जिले में धारा 144 लागू  होने के कारण प्रशासन से प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शन करने पर सपाइयों को पुलिस प्रशासन ने कार्यालय में ही नजरबंद कर दिया। सपा कार्यालय को बड़ी संख्या में पुलिस बल ने घेर लिया। प्रदर्शन पर अड़े सपाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो धक्कामुक्की हुई। पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिव शंकर यादव, जिलाध्यक्ष अनुज यादव, अनिल प्रधान समेत दर्जनों सपाइयों को बस से पुलिस लाइन पहुंचाया गया। वहां नारेबाजी हुई। बाद में एसडीएम ने शांति भंग की धारा को लेकर जमानत देकर रिहा कर दिया।

पीलीभीत में निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर 70 सपाई गिरफ्तार

पीलीभीत में नागरिकता संशोधन कानून, बेपटरी कानून व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी सहित कई मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रांतीय आह्वान पर गुरुवार को धरना प्रदर्शन करने जा रहे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने निषेधाज्ञा उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। टनकपुर रोड से गिरफ्तार 70 कार्यकर्ताओं को दो बसों से पुलिस लाइन पहुंचा दिया गया है। इस दौरान कुछ देर तक हंगामे का माहौल रहा। सपा के पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद को उनके लॉ कॉलेज में नजरबंद किए जाने की भी चर्चा है। एहतियात के तौर पर नेहरू ऊर्जा उद्यान, सपा कार्यालय तथा लॉ कालेज के आसपास फोर्स तैनात की गई है। एसपी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि करीब 70 सपा कार्यकर्ताओं को निषेधाज्ञा उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

लखनऊ यूनिवर्सिटी में परीक्षाएं टली, पॉलिटेक्निक की विशेष बैक पेपर परीक्षा निरस्‍त

शहर के हलातों को देखकर लखनऊ यूनिवर्सिटी में 20 दिसंबर से होने वाली विधि की परीक्षाओं को छोड़कर सभी परीक्षाएं 26 दिसंबर को अपने निर्धारित समय पर होंगी। वहीं, विधि (एलएलबी और एलएलएम दोनों पाठ्यक्रमों) की परीक्षाएं 30 दिसंबर को सुबह 9 से 12 बजे तक होंगी। उधर, 20 दिसंबर से होने वाली पॉलिटेक्निक की विशेष बैक पेपर परीक्षा भी स्थगित हो गई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.