सीएम उद्धव ठाकरे के मुख्य सलाहकार बने अजोय मेहता, IAS संजय मुख्य सचिव नियुक्त
Maharashtra Politics वरिष्ठतम IAS संजय कुमार को महाराष्ट्र के मुख्य सचिव के पद पर नियुक्त कर दिया गया है वह 1 जुलाई से कार्यभार संभालेंगे।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को राज्य के वरिष्ठतम आइएएस अधिकारी संजय कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त करने की घोषणा कर दी है। मुख्य सचिव अजोय मेहता 30 जून को सेवानिवृत्त होंगे और संजय कुमार 1 जुलाई से कार्यभार संभालेंगे। वर्तमान मुख्य सचिव अजोय मेहता को मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है।
CMO से जारी विज्ञप्ति
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, "संजय कुमार महाराष्ट्र के नए मुख्य सचिव होंगे। वह 1 जुलाई से कार्यभार संभालेंगे। वर्तमान मुख्य सचिव अजोय मेहता 30 जून को सेवानिवृत्त होंगे।"
इस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद मेहता को मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा, "इस पद के लिए उन्हें मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्त किया गया है, क्योंकि यह कोरोनोवायरस के कारण और अन्य मुद्दों के कारण राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण समय है। इसलिए, मुख्यमंत्री कार्यालय में एक अनुभवी व्यक्ति की आवश्यकता है।"
आठ माह का होगा कार्यकाल
वर्तमान समय में राज्य के नए मुख्य सचिव संजय कुमार अतिरिक्त मुख्य सचिव हाउसिंग के पद पर कार्यरत हैं और गृह विभाग का अतिरिक्त कार्य भी देखते हैं। संजय कुमार 1984 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। 30 जून को अजोय मेहता के सेवानिवृत्त होने के बाद वह मुख्य सचिव का पद ग्रहण करेंगे। इस पद पर संजय कुमार का कार्यकाल मात्र आठ माह का होगा क्योंकि 28 फरवरी 2021 को उनकी रिटायरमेंट है।
प्रवीण परदेसी और सीताराम कुंटे के नामों की भी थी चर्चा
राज्य के मुख्य सचिव के तौर पर प्रवीण परदेसी और सीताराम कुंटे के नामों की चर्चा भी जोरों पर थी। लेकिन राज्य सरकार ने वरिष्ठता को अहमियत देते हुए संजय कुमार को इस पद के लिए चुना। प्रवीण परदेसी और सीताराम कुंटे के रिटायरमेंट में अभी 17 माह का समय है। ऐसे में संजय कुमार के सेवानिवृत्त के बाद इन दोनों में से किसी एक को भी राज्य का मुख्य सचिव बनने का अवसर भी मिल सकता है।
सीएम उद्धव ठाकरे का पीएम मोदी से अनुरोध, स्थगित करवायी जाएं MD/MS परीक्षा
Coronavirus Maharashtra Update: बीते 24 घंटों में 208 मरीजों की मौत, अब तक 1.42 लाख लोग संक्रमित