Rajasthan: सतीश पूनिया बोले, वसुंधरा सरकार में ब्यूरोक्रेसी रही हावी; अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
Rajasthan BJP State President Satish Poonia. राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी में अब अनुशासनहीनता बर्दास्त नहीं होगी।
जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। Rajasthan BJP State President Satish Poonia. राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के मुताबिक, साल 2018 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार का कारण वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में ब्यूरोक्रेसी का हावी होना और कार्यकताओं की सुनवाई नहीं होना रहा। मंत्रियों के बजाय ब्यूरोक्रेसी सरकार चलाती थी। हालांकि वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में ऐसे कई काम हुए, जिनके कारण प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ा।
उन्होंने कहा कि उस समय संगठन की भी कमजोरी रही। लेकिन अब संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। निचले स्तर तक के कार्यकर्ताओं से चर्चा कर संगठन में निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दूर दराज के क्षेत्र में बैठे कार्यकर्ताओं को संगठन प्राथमिकता मिलेगी। चार दिन पूर्व ही प्रदेश अध्यक्ष पद संभालने वाले पूनिया ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि पार्टी में अब अनुशासनहीनता बर्दास्त नहीं होगी। नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी द्वारा तय गाइड लाइन के अनुसार चलना होगा। कोई भी नेता और कार्यकर्ता यदि पार्टी द्वारा तय की गई गाइड लाइन तोड़ेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा पिछले कुछ समय से पार्टी के कार्यक्रमों और पिछले माह संपन्न हुए दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव प्रचार अभियान में शामिल नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे व्यस्तता के कारण नहीं आ सकी। उन्होंने कहा कि यह भी संभव है कि एक साल पहले विधानसभा चुनाव में हुई हार के बाद से वसुंधरा राजे अभी खुद को सक्रिय करने को लेकर तैयार नहीं कर सकी, उम्मीद है, वे शीघ्र ही प्रदेश में सक्रिय होंगी। उन्होंने कहा कि पिछले भाजपा सरकार में विधायकों, कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों की सुनवाई सही ढंग से नहीं होने के कारण हम चुनाव हारे थे, लेकिन जब पार्टी सत्ता में आएगी तो पुरानी कमियों को दूर किया जाएगा।
युवाओं को संगठन में पद मिलेंगे
पूनिया ने कहा कि संगठन में नई पीढ़ी को आगे लाया जाएगा। पार्टी नेतृत्व ने तय कर रखा है कि 42 साल से अधिक उम्र का कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष नहीं बन सकेगा। अब यही उम्र की सीमा जिला और प्रदेश पदाधिकारियों में तय करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह प्रयास किया जाएगा कि नए लोगों को संगठन में काम करने का मौका मिले। नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का कार्यक्रम लगातार चलेगा। युवाओं को अधिक से अधिक पार्टी से जोड़ने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा और अखिल भारतीय विधार्थी परिषद में नई रणनीति के तहत काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने के लिए आम लोगों के बीच जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत पार्टी नेता और कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर कानून को लेकर सही जानकारी देंगे। पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नेताओं की जिम्मेदारी तय कर दी जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पंचायत चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
सीएम अशोक गहलोत पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि राज्य की अशोक गहलोत सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरी तरह से निराशाजनक रहा। एक साल में ऐसा कोई काम सरकार ने नहीं किया, जिससे आम लोगों को फायदा हो सके। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में गहलोत सरकार के खिलाफ जिला से प्रदेश स्तर तक आंदोलन किया जाएगा। सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस की बीमारी हो गई, जिसके कारण वे हमेशा पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नाम की माला जपते रहते हैं।