समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, नौजवानों के सपने तोड़ रही भाजपा सरकार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जुमलेबाजी से ध्यान भटकाने में पारंगत भाजपा सरकार ने करोड़ों युवाओं की आशाओं संभावनाओं और प्रतिभाओं को निराश किया है।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जुमलेबाजी से ध्यान भटकाने में पारंगत भाजपा सरकार ने करोड़ों युवाओं की आशाओं, संभावनाओं और प्रतिभाओं को निराश किया है। रोजगार के अवसर न सृजित हो रहे हैं और न ही उसकी संभावनाएं हैं। भाजपा सरकार नौजवानों के सपनों को तोड़ने वाली सरकार साबित हो रही है। कई करोड़ के रोजगार बांटने का दावा करने वाली भाजपा सरकार ने किस क्षेत्र में किसको कितना रोजगार दिया, इसके आंकड़े देने से क्यों घबराती है? झूठे दावों की पोल न खुले इसलिए मुख्यमंत्री तुकबंदी में प्रधानमंत्री को शामिल करने में संकोच नहीं करते हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि प्रदेश में पूंजी निवेश केवल कागजों पर एमओयू में आया है। जमीन पर एक भी उद्योग नहीं लगा। मनरेगा में खोदाई का काम भी डिग्रीधारक युवकों के लिए रोजगार की तरह प्रचारित किया जा रहा है। पढ़े-लिखे नौजवानों के साथ इससे बड़ा छल और धोखा क्या होगा? सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों को राहत पहुंचाने के लिए श्रमिकों की सुरक्षा एवं सम्मान से संबंधित तमाम प्राविधान श्रम कानूनों से हटा दिए हैं। काम के घंटे बढ़ा दिए है। उनका दिहाड़ी वेतन घटा दिया है। श्रमिक अब मालिकों का बंधुआ बन कर रह जाएगा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि एक चीनी कंपनी द्वारा मलेशिया में उत्तर प्रदेश के कई जिलों के श्रमिकों को प्रताड़ित करने की खबरें आई हैं। केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों को वहां की सरकार और दूतावास से संपर्क कर उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए प्रयास करने चाहिए।
टॉपर छात्र तुषार जाटव को लैपटॉप देंगे अखिलेश : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुलंदशहर के छात्र तुषार जाटव को सीबीएसई बोर्ड की 12वीं परीक्षा के परिणाम में पूरे देश में टॉप करने पर बधाई दी है। उन्होंने तुषार को एक लैपटॉप देकर सम्मानित करने की घोषणा की है। तुषार जाटव शिक्षक परिवार से है। उसके पिता डॉ.ओपी सिंह और मां किरण दोनों शिक्षक हैं।