प्रियंका गांधी का 27 को रायबरेली का एक दिनी दौरा, विधायक अदिति सिंह को देंगी सांत्वना
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली सदर से पार्टी की विधायक अदिति सिंह के घर जाकर उनको सांत्वना देंगी।
लखनऊ, जेएनएन। राजनीति में सक्रिय होते ही प्रियंका गांधी वाड्रा अब फुल फार्म में हैं। लोकसभा चुनाव 2019 में अपनी मौजूदगी का हर जगह अहसास कराने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा 27 अगस्त (मंगलवार) को एक दिन के अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली आएंगी। वह पहले पूर्व विधायक स्व. अखिलेश सिंह के घर अमावां के लालूपुर चौहान जाएंगी। वहां उनके परिवारजन से शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद लालगंज के ऐहार स्थित आधुनिक रेलकोच कारखाना पहुंचेंगी। जहां पिछले दो माह से आरेडिका के निगमीकरण का विरोध कर रहे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रियंका सभा को संबोधित करेंगी।
सदर क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे स्व. अखिलेश सिंह की 20 अगस्त को भोर में पीजीआइ लखनऊ में निधन हो गया था। उनकी बेटी अदिति सिंह कांग्रेस से मौजूदा सदर विधायक हैं। तभी से प्रियंका के उनके घर आने के कयास लगाए जा रहे थे। रविवार देर शाम उनके आने का कार्यक्रम जारी किया गया। वह मंगलवार सुबह 8.10 बजे दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट के लिए निकलेंगी। लखनऊ से 9.30 बजे वाया सड़क मार्ग रायबरेली के लिए रवाना होंगी। फिर वह सीधे 11.15 बजे लालूपुर चौहान पहुंचेंगी।
लालूपुर चौहान में विधायक अदिति सिह व उनके परिवारीजन को इस दुख की घड़ी में अपने आप को संभालने के लिए ढांढस बंधाएंगी। प्रियंका वहां आधे घंटे रुकेंगी। फिर सीधे भुएमऊ गेस्ट हाउस आ जाएंगी। एक घंटे यहां रुकने के बाद वह दोपहर 1.45 बजे आधुनिक रेलकोच कारखाना, ऐहार जाएंगी। यहां करीब एक घंटे वह फैक्ट्री के कर्मियों के साथ उनका दुख दर्द बांटेंगी। आरेडिका के निगमीकरण को लेकर यहां दो माह से विरोध प्रदर्शन हो रहा है। यह फैक्ट्री सांसद सोनिया गांधी के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। इसलिए प्रियंका निगमीकरण को लेकर बड़ा बयान दे सकती हैं। कर्मचारियों ने उनकी सभा के लिए भी इंतजाम किए हैं। दोपहर लगभग 2.45 बजे वह सीधे लखनऊ फिर वाया हवाई मार्ग दिल्ली रवाना हो जाएंगी।
मां संग 12 जून को आईं थी आभार जताने
लोकसभा चुनाव में जीत के बाद सांसद सोनिया गांधी के साथ प्रियंका भी भुएमऊ गेस्ट हाउस आईं थी। सोनिया ने जीत के लिए सभी का आभार जताया था। वहीं प्रियंका ने रायबरेली के अलावा पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं के साथ भी शिष्टाचार भेंट की थी।