Move to Jagran APP

Priyanka Gandhi in Lucknow : लखनऊ पहुंचीं प्रियंका, पार्टी के स्थापना दिवस समरोह में होंगी शामिल

Priyanka Gandhi in Lucknow यूपी की राजनीति में पूरी तरह सक्रिय हो चुकीं प्रियंका वाड्रा अब ज्यादा से ज्यादा वक्त यहां देना चाहती हैं। इसी क्रम में वह फिर लखनऊ पहुंचीं हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 27 Dec 2019 08:41 PM (IST)Updated: Sat, 28 Dec 2019 12:20 AM (IST)
Priyanka Gandhi in Lucknow : लखनऊ पहुंचीं प्रियंका, पार्टी के स्थापना दिवस समरोह में होंगी शामिल

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूरी तरह सक्रिय हो चुकीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा अब ज्यादा से ज्यादा वक्त यहां देना चाहती हैं। कुछ दिन पहले ही लखनऊ प्रवास कर चुकीं प्रियंका शुक्रवार को फिर यहां पहुंचीं हैं। प्रियंका वाड्रा दो दिन यहां रहेंगी और शनिवार को पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगी। साथ ही वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भावी रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगी।

loksabha election banner

प्रियंका शुक्रवार शाम करीब सवा सात बजे दिल्ली से लखनऊ पहुंचीं। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जितिन प्रसाद भी लखनऊ आए। एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी, शहर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान सहित कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। प्रियंका एयरपोर्ट से सीधे गोखले मार्ग स्थित अपनी रिश्तेदार व पूर्व केंद्रीय मंत्री शीला कौल के आवास पहुंच गईं। यहीं पर उनका रात्रि प्रवास का कार्यक्रम है। 

प्रभारी के तौर पर प्रदेश की जिम्मेदारी संभालने के बाद से प्रियंका उत्तर प्रदेश के मुद्दों पर सरकार के खिलाफ आंदोलन में जुटी हैं। कानून व्यवस्था पर लगातार प्रतिक्रिया और प्रदर्शन के बाद अब पार्टी नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए है। इसे लेकर ही प्रियंका पिछले दिनों अचानक बिजनौर में हिंसा में मारे गए युवकों के परिजनों से मिलने पहुंच गईं। इसके बाद अपने भाई और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मेरठ पहुंचीं। हालांकि उन्हें बाहर से ही लौटा दिया गया। अब कांग्रेस महासचिव शुक्रवार देर शाम लखनऊ पहुंचीं हैं।

वह शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर सुबह 10 बजे कांग्रेस स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इसके बाद दोपहर साढ़े बारह बजे कांग्रेस की सलाहकार और स्ट्रेटजी कमेटी के साथ बैठक करेंगी। सूत्रों के अनुसार प्रियंका फिलहाल नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान पुलिसिया कार्रवाई के मसले पर योगी सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही हैं। बैठक इसी रणनीति पर केंद्रित रहने के आसार हैं। शाम चार से सात बजे तक वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ बैठक करेंगी। प्रियंका वाड्रा किसान, नौजवान और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी योगी सरकार को घेरने की तैयारी कर रही हैं। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी। 

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का कहना है कि प्रियंका वाड्रा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ही शामिल होंगी। यहां ध्वजारोहण होगा। पार्टी के सिद्धांत और संविधान पर चर्चा होगी। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, रोहित चौधरी, सचिन नाईक और राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी पहले ही आ चुके हैं।

बच्चों के मसले पर भी सरकार को घेरा

प्रियंका वाड्रा ने शुक्रवार को लखनऊ पहुंचते ही बच्चों के मसले पर भी योगी सरकार को घेरना शुरू कर दिया। उन्होंने ट्वीट किया कि 'भाजपा शासित उत्तर प्रदेश में मिड डे मील में बेकार खाना दिया जाता है। बच्चे ठंड में ठिठुर रहे हैं लेकिन स्वेटर नहीं मिले। कुपोषण के चलते बच्चों की जान जा रही है। भाजपा शासन में दिखावटी विकास की बातें खूब होती हैं, लेकिन कुपोषण की वजह से बच्चों की जान जा रही है। कैसा शासन है ये?'

निष्कासित कांग्रेसजन मनाएंगे समानांतर स्थापना दिवस

कांग्रेस से निष्कासित किए गए वरिष्ठ कांग्रेसजन भी पार्टी का समानांतर स्थापना दिवस समारोह मनाएंगे। पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार को सहकारिता भवन में कांग्रेस स्थापना दिवस मनाकर हम पार्टी के संविधान और वर्तमान चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस को मजबूत करने पर चिंतन करेंगे। इसमें प्रदेश भर से कांग्रेसजनों को बुलाया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.