Move to Jagran APP

प्रियंका गांधी ने युवा कांग्रेसियों में जोश भरा, कहा- संघर्षशील लोगों को सौंपी जा रही बागडोर

तीन दिवसीय रायबरेली दौरे के तीसरे व अंतिम दिन कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Thu, 24 Oct 2019 01:04 PM (IST)Updated: Thu, 24 Oct 2019 01:13 PM (IST)
प्रियंका गांधी ने युवा कांग्रेसियों में जोश भरा, कहा- संघर्षशील लोगों को सौंपी जा रही बागडोर
प्रियंका गांधी ने युवा कांग्रेसियों में जोश भरा, कहा- संघर्षशील लोगों को सौंपी जा रही बागडोर

रायबरेली, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को पटरी में लाने की कवायद में लगीं पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी के गढ़ रायबरेली से बिगुल फूंका है। अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस की कार्यशाला में प्रियंका ने युवा नेता व कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इसके साथ ही सभी को 2022 तक तैयार रहने का निर्देश भी दिया।

loksabha election banner

तीन दिवसीय रायबरेली दौरे के तीसरे व अंतिम दिन कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कठिन संघर्ष के दिन हैं। अब तो प्रदेश में बदलाव का दौर है, इसी नाते युवाओं और संघर्षशील लोगों को बागडोर सौंपी जा रही है। जो वरिष्ठजन हैं उन्हें भी काम मिलेगा। किसी को निराश होने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि हमको भरोसा है कि संघर्षों के बल पर ही कांग्रेस फिर से बुलंदी छुयेगी। स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुखातिब होकर उन्होंने कहा कि पिछली बार जब मैं अपनी मां और आपकी सांसद सोनिया गांधी के साथ आई थी तो चुनाव परिणाम को लेकर अपने संबोधन में नाराजगी जताई थी। इसे बहुत लोगों ने नापसंद भी किया था। सबसे पहले नाराजगी जताने वालों में मेरी माँ सोनिया गांधी थीं, लेकिन मैं स्पष्ट कर दूं कि वह भावनाएं मैने अपने परिवार के मध्य व्यक्त की थीं, न कि कार्यकर्ताओं और पार्टी के मध्य। आप सभी को पता है कि रायबरेली हमारा परिवार है, इसी नाते भावनाएं अपनों के बीच रखी थीं।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने कमजोर संगठन को मजबूत करने के लिये युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिसके मद्देनजर कांग्रेस की महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी एक बार फिर यूपी के दौरे पर हैं। रायबरेली में यूपी की नई कांग्रेस टीम को प्रशिक्षित करने के लिये एक विशेष तीन दिवसीय 'कांग्रेस-पाठशाला' आयोजित की जा रही है। जिसमें कांग्रेस की नई टीम में शामिल नेताओं को सबसे पहले कांग्रेस की नीति और रीति के बारे में जानकारी दी गई। जिसके बाद प्रियंका गांधी की मौजूदगी में इन नेताओं को टीवी, अखबार और सोशल मीडिया पर मोदी-योगी सरकार को घेरने का तरीका सिखाया गया।

केशव मौर्य ने कसा तंज

यूपी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली प्रियंका गांधी को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जवाब दिया। मौर्य ने कहा कि यूपी में आम जनता नहीं, सिर्फ अपराधी भयभीत है। केशव प्रसाद मौर्य ने प्रियंका गांधी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने यूपी में बेहतर कानून व्यवस्था होने का दावा किया है। मौर्य ने कांग्रेस के शासनकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर देश और प्रदेश दोनों को न सम्भाल पाने का आरोप लगाया। केशव मौर्य ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन है। लंबे समय तक उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस का शासन रहा है, और देश में भी बहुत समय तक कांग्रेस का शासन रहा है। जब प्रदेश में रहे तो प्रदेश को संभाल नहीं पाए और जब देश में रहे तो देश को नहीं संभाल सके। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.