मोबाइल एप पर कर्नाटक के भाजपा उम्मीदवारों से रूबरू होंगे पीएम
मोदी का कर्नाटक अभियान एक मई से शुरू होगा। वह राज्य में 15 रैलियां करके लोगों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
नई दिल्ली, प्रेट्र। पीएम नरेंद्र मोदी मोबाइल एप के जरिये कर्नाटक के भाजपा उम्मीदवारों से गुरुवार को रूबरू होंगे। माना जा रहा है कि वह कर्नाटक के प्रत्याशियों को प्रचार के तरीकों से अवगत कराएंगे जिससे लोगों के बीच असरदार ढंग से अपनी बात रखी जा सके। इस दौरान वह पार्टी के चयनित सदस्यों व पदाधिकारियों से भी चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि कर्नाटक में 12 मई को मतदान होना है। फिलहाल भाजपा व कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर हो रही है। कांग्रेस की सिद्धरमैया सरकार पिछले पांच सालों से वहां सत्ता में है। भाजपा उसे अपदस्थ करके फिर से अपनी सरकार बनाने की जद्दोजहद में है। मुकाबला कांटे का है और भाजपा को नैया पार लगाने के लिए एक बार फिर से पीएम मोदी के करिश्मे पर निर्भर होना पड़ रहा है। मोदी का कर्नाटक अभियान एक मई से शुरू होगा। वह राज्य में 15 रैलियां करके लोगों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। माना जा रहा है कि पीएम का दौरा निर्णायक साबित होने वाला है। लेकिन उससे पहले मोदी का प्रत्याशियों से संवाद भी अहम होने जा रहा है। वह इससे पहले भी मोबाइल एक के जरिये रविवार को सांसदों व विधायकों से संपर्क स्थापित कर चुके हैं। इसमें ग्राम स्वराज अभियान पर चर्चा की गई थी।
राहुल 27 को जारी करेंगे घोषणापत्र
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 27 अप्रैल को मेंगलोर में कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र जारी करेंगे। गुरुवार से शुरू होना वाला कर्नाटक का उनका सातवां दौरा अहम रहने वाला है। दो दिवसीय प्रवास में वह उत्तर कन्नड के अंकोला शहर का दौरा करेंगे। इसमें मस्टीकट्टे सर्कल, सरस्वती सर्कल भी शामिल हैं। भटकल में वह एक नुक्कड़ सभा को भी संबोधित करेंगे।
कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि राहुल जी से अनुरोध किया गया है कि वह उन जगहों में जाएं जहां अभी तक नहीं जा सके हैं। उनका कहना है कि घोषणा पत्र में समाज के सभी वर्गो केस लिए कुछ न कुछ होगा। छठे दौर का उनका दौरा सात से आठ अप्रैल के बीच हुआ था। कर्नाटक में मतगणना 15 मई को होनी है। सारे देश की निगाहें इस चुनाव पर लगी हैं, क्योंकि भाजपा व कांग्रेस के लिए यह चुनाव जीवन मरण का प्रश्न बन चुका है।