दो दिनों में दूसरी बार टूटा राष्ट्रपति का सुरक्षा घेरा, फिर घुसा तेज रफ्तार बाइक सवार
राष्ट्रपति का सुरक्षा घेरा तोड़ने वाला युवक नशे में धुत था वह जमशेदपुर का रहने वाला है| उसके पास न ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही उसने हेलमेट पहन रखी थी...
रांची, राज्य ब्यूरो : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम करीब पांच बजे राष्ट्रपति का कारकेड गुजरने से पहले एक युवक तेज रफ्तार में सुरक्षित मार्ग में घुस गया। वह नशे में धुत था। यातायात पुलिस ने उसे पकड़कर अरगोड़ा थाने के हवाले कर दिया। उसने न तो हेलमेट पहना था ना ही उसके पास लाइसेंस था। इससे पहले शुक्रवार को भी राजभवन के पास राष्ट्रपति का काफिला गुजरने से पहले एक बाइक सवार युवक लहरिया कट मारते हुए सुरक्षा घेरे में घुस गया था। लगातार दो दिन ऐसी घटना ने पुलिस की व्यवस्था पर सवाल उठाया है।
पकड़ा गया युवक अमित कुमार शर्मा मूल रूप से जमशेदपुर का रहने वाला है। अभी वह रांची के अशोक नगर में रहता है। अरगोड़ा पुलिस ने उसकी मेडिकल जांच कराई, जिसमें उसके रक्त में अल्कोहल की मात्रा मिली। अमित कुमार शर्मा से जब पुलिस ने गाड़ी का ड्राइविंग लाइसेंस मांगा तो वह नहीं दे सका। उसपर तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने, नशे की हालात में वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस के गाड़ी चलाने के मामले में उसपर एमवी एक्ट की धाराओं में चालान कटेगा।