Congress : 'अपनों' की घर वापसी की तैयार हो रही पृष्ठभूमि Gorakhpur News
Congress नए साल के बहाने पार्टी अपनों की घर वापसी की पृष्ठभूमि भी तैयार कर रही है। इसकं लिए यूूूूपी कांग्रेस अभियान चला रही है।
गोरखपुर, राजेश्वर शुक्ला। 'जिंदगी में मौके आपके पास चलकर नहीं आते, बल्कि आपको उनका निर्माण करना होता है और आगे बढ़कर उन्हें अपने हाथ में लेना पड़ता है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के संदेश को सूत्र वाक्य बनाकर कांग्रेस अपनी जमीन मजबूत करने की तैयारी में है। यह संदेश युवाओं, महिलाओं, मजदूरों, किसानों, व्यापारियों व आम नागरिकों के लिए है। नए साल के बहाने पार्टी 'अपनों' की घर वापसी की पृष्ठभूमि भी तैयार कर रही है।
यूपी कांग्रेस की पहल
यह प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनूठी पहल है, जिसे पहली बार प्रयोग में लाया जा रहा है। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की ओर से प्रत्येक जनपद के एक हजार लोगों को नए साल पर इंदिरा गांधी की तस्वीर वाली डायरी जिस पर उनका संदेश भी है, भेजी जा रही है। इनमें वह परिवार भी शामिल हैं, जो पार्टी से जुड़े रहे और अब सक्रिय नहीं हैं। ऐसे पदाधिकारियों व वरिष्ठ नेताओं के परिजनों को प्रियंका का संदेश खूब भा रहा है।
हिट हो रहा पार्टी का फार्मूला
सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोग, शैक्षिक संगठनों समेत किसानों व कर्मचारी संगठनों को भी नए साल में पार्टी साधने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपना खोया जनाधार वापस पाने के लिए सुनियोजित तरीके से कार्य कर रही है, फिलहाल पार्टी का यह फार्मूला काफी हिट हो रहा है।
जमीनी स्तर पर पहचान बनाने में जुटी पार्टी
प्रदेश कांग्रेस का फोकस पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों व पूर्व जिलाध्यक्षों पर भी है, जिनके परिवार के लोग राजनीति से दूरी बनाए हुए हैं। पार्टी ने अब ऐसे परिवारों के लोगों को भी सहेजना शुरू किया है। पूर्व सांसद नरसिंह नारायण पांडेय व पूर्व केंद्रीय मंत्री महावीर प्रसाद के परिजनों के साथ ही पूर्व विधायक हरिद्वार पांडेय, लालचंद निषाद, पूर्व जिलाध्यक्ष टीपी शाही व शरदेंदु पांडेय को भी प्रियंका की ओर से डायरी और कार्ड भेजे गए हैं। पूर्व मेयर पवन बथवाल कहते हैं कि नए साल पर प्रियंका गांधी का यह संदेश काफी अहम है। इससे पुराने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ेगा।
इंदिरा गांधी का व्यक्तित्व काफी प्रेरक है। इसी कारण उनके संदेश को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके जरिये समाज के विभिन्न लोगों को जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में पार्टी सबको साथ लेकर देश और संविधान विरोधी शक्तियों का मुकाबला करना है। नए वर्ष में पार्टी प्रदेश के एक नए सपने व उज्ज्वल भविष्य का वाहक बनेगी। - विश्वविजय सिंह, प्रदेश महासचिव, कांग्रेस