Move to Jagran APP

जेपी नड्डा की रैली में लगे होर्डिग-पोस्टर पर भारी जुर्माना लगाने से गर्माई सियासत

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की इंदौर रैली में लगे होर्डिग-पोस्टर को लेकर नगर निगम द्वारा लगाए गए 13 लाख रुपये के जुर्माने पर राजनीति गर्माने लगी है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Mon, 23 Dec 2019 10:11 PM (IST)Updated: Mon, 23 Dec 2019 10:11 PM (IST)
जेपी नड्डा की रैली में लगे होर्डिग-पोस्टर पर भारी जुर्माना लगाने से गर्माई सियासत

इंदौर, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की इंदौर रैली में लगे होर्डिग-पोस्टर को लेकर नगर निगम द्वारा लगाए गए 13 लाख रुपये के जुर्माने पर राजनीति गर्माने लगी है। भाजपा नेताओं में नाराजगी इस बात पर है कि कांग्रेस के मंत्रियों के जन्मदिन पर लगे होर्डिग-पोस्टर हटाने के लिए जब निगम का अमला जाता है तो कर्मचारियों को मंत्री समर्थक पीटते हैं, लेकिन मंत्री पर जुर्माना तब भी नहीं लगाया जाता। आखिर जुर्माने को लेकर ऐसा भेदभाव क्यों किया जा रहा है?

loksabha election banner

 होर्डिग-पोस्टर पर 13 लाख का वसूली का पत्र भेजा गया

दरअसल, रविवार को नड्डा की रैली में लगे होर्डिग-पोस्टर पर नगर निगम द्वारा भाजपा नगर अध्यक्ष को 13 लाख 46 हजार रुपये की वसूली का पत्र भेजा गया है। इससे कुछ दिन पूर्व मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट के जन्मदिन पर लगे होर्डिग-पोस्टर नगर निगम के अमले ने हटाए थे। तब कथित तौर पर मंत्री समर्थकों ने निगम के कर्मचारियों की पिटाई की थी। सिलावट मामले में पुलिस ने केस तो दर्ज किया, लेकिन नगर निगम ने जुर्माना नहीं लगाया था। एक ही तरह के दो मामलों में अलग-अलग कार्रवाई पर भाजपा राज्य सरकार पर भेदभाव का आरोप लगा रही है। यहां गौर करने वाली बात यह है कि इंदौर नगर निगम में भाजपा की परिषद है।

भेदभाव कर रही है कमलनाथ सरकार

मामले में नगर निगम की महापौर और भाजपा नेता मालिनी गौड़ ने कहा कि मुझे अखबारों के माध्यम से इसकी जानकारी मिली। पोस्टर-बैनर लगाने पर निगम द्वारा जो नोटिस दिया गया, वह भेदभावपूर्ण है। मंत्रीजी ने पोस्टर लगाए थे, उन पर कोई एक्शन नहीं लिया गया, कोई जुर्माना नहीं लगाया। भाजपा की रैली के दौरान जो जुर्माना लगाया गया, उसकी भी एक हद होती है। कमलनाथ सरकार लगातार भेदभाव कर रही है। निगम के अधिकारी भी सरकार के दबाव में हैं, वे सरकार की चालें चल रहे हैं।

कांग्रेस-भाजपा नेताओं की बयानबाजी जारी

मामले में कांग्रेस और भाजपा नेताओं की ओर से बयानबाजी जारी है। स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि कैबिनेट का निर्णय है, पोस्टर मुक्त प्रदेश है। सरकार का निर्णय है, हमने भी माना है तो सभी मानें। भाजपा के इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक आयोजन में पोस्टर-बैनर व होर्डिग कार्यकर्ता लगाता है। यह व्यक्ति के ऊपर निर्भर है कि वह आयोजनों के दौरान होर्डिग लगवाए या नहीं। उधर, भाजपा के नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर होर्डिग-बैनर व झंडे लगा रखे थे। अन्य स्थानों पर भी जो बैनर-पोस्टर लगे थे, वे कार्यक्रम पूरा होने के बाद 24 घंटे में अंदर उतार लिए जाते। मुझे निगम की ओर से कोई नोटिस नहीं मिला।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.