Bihar Assembly Election 2020 : पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तर बिहार को दिए कई सौगात, कहा- कोरोना के बाद किसानों को गुजरात में दिलाएंगे प्रशिक्षण
सीतामढ़ी में ब्रुड बैंक ढोली मुजफ्फरपुर में मत्स्य और डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय समस्तीपुर में कुल 74 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मत्स्य संपदा योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर बिहार को भी कई सौगात दिए। सीतामढ़ी में ब्रुड बैंक, ढोली मुजफ्फरपुर में मत्स्य और डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, समस्तीपुर में कुल 74 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। जिसमें 11 करोड़ की लागत से निर्मित स्कूल ऑफ एग्रीबिजिनेस एंड रूरल मैनेजमेंट का भवन शामिल है।
इस दौरान अपने संबाेधन में उन्होंने कहा कि आज महिलाएं आत्मनिर्भरता के लिए आगे आ रही हैं। स्वयं सहायता समूह को बढ़ावा दिया जा रहा है। महिलाओं को सुविधा और व्यवस्था मिल जाए तो काफी बदलाव आएगा। सरकार कई योजनाएं चला रही है, इसका लाभ पशुपालकों को मिलेगा। वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करें। विश्वास के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।
पीएम ने कहा कि कोरोना काल के बाद किसानों को गुजरात भेजने का प्रबंध किया जाएगा। वे डेयरी परियाेजना को देखेंगे। गिरिराज जी को इसकी जिम्मेदारी दी जाएगी। सरकार की गोबर धन योजना का भी किसानों को लाभ मिलेगा। किसानों की आय बढ़ाने के लिए युवाओं का जुड़ना जरूरी है।
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मत्स्य संपदा योजना का शुभारंभ और शिलान्यास कार्यक्रम के लिए पीएम का धन्यवाद किया। कहा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, समस्तीपुर में कुल 74 करोड़ की विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास से नई दिशा मिलेगी। 11 करोड़ की लागत से निर्मित स्कूल ऑफ एग्रीबिजनेस एंड रूरल मैनेजमेंट के भवन के उद्घाटन और 27 करोड़ की लागत से छात्रावास छात्रों के हित में होगा। बिहार में हमने काम किया। जिनलोगों ने काम नहीं किया, वे भी खूब बोल रहे। हमारी अधिकतर आबादी कृषि पर आधारित है। यहां पहली बार मछली उत्पादन के बारे में लोगों को जानकारी मिल रही है। यहां के लोग को बाहर भेजकर प्रशिक्षित किया, उसका लाभ मिल रहा है।
वहीं केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने कहा कि जब मैं मत्स्य विभाग का मंत्री बना, इसके बाद कई बदलाव आए। प्रधानमंत्री महोदय, आपके कार्यकाल में इस विभाग को नई दिशा मिली। मत्स्य संपदा से युवाओं को रोजगार मिल रहे हैं। मत्स्य संपदा योजना एक परिवर्तन की योजना है। मछली के क्षेत्र में लैब नहीं थी, आज आपने दो लैब दिए। सीतामढ़ी में ब्रुड बैंक का शुभारंभ होने वाला है। यह परिवर्तनकारी कदम है। आपने किसानों और पशुपालकों को ऊंचाई दी है। ढोली मुजफ्फरपुर में आपने मत्स्य लैब दिए। आपने कृषि में तकनीकी को प्राथमिकता दी। आज की योजनाएं कृषि और किसानों को नई दिशा दी है।