'घुसपैठियों से बंगाल की रोटी, बेटी व माटी तीनों पर सबसे बड़ा खतरा', बंगाल में बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में एक विशाल रैली को संबोधित किया। उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा ...और पढ़ें
HighLights
पीएम मोदी ने कोलकाता में विशाल रैली को संबोधित किया।
ममता सरकार पर जमकर हमला, 'महाजंगलराज' खत्म करने का आह्वान।
टीएमसी के 'अत्याचारियों' को नहीं बख्शने का संकल्प लिया।
राजीव कुमार झा, कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ममता बनर्जी सरकार व टीएमसी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोलते हुए कहा कि घुसपैठियों की वजह से आज बंगाल की रोटी, बेटी व माटी तीनों पर सबसे बड़ा खतरा आ गया है। पीएम ने आरोप लगाया कि बंगाल की माटी पर घुसपैठियों को कब्जा दिलवाया जा रहा है।
विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले बंगाल दौरे पर आए पीएम ने कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में भाजपा की मेगा परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए टीएमसी सरकार पर वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और इसपर चिंता व्यक्त की। मोदी ने कहा कि टीएमसी मां, माटी व मानुष के नारे पर 2011 में सत्ता में आई थी।
आज वही मां यहां रो रही है, माटी को लूटा जा रहा है और बंगाली मानुष बंगाल छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं। घुसपैठियों की वजह से आज रोटी, बेटी, माटी पर सबसे बड़ा खतरा आ गया है। इसका परिणाम आज सबके सामने है। बीते दशकों में बंगाल के ज्यादातर इलाकों में डेमोग्राफी बदल गई है और बंगाली हिंदुओं को अल्पसंख्यक बनाया जा रहा है।
तुष्टीकरण का खुला खेल चल रहा
पीएम ने कहा कि तुष्टीकरण का यहां ऐसा खुला खेल चल रहा है कि जब शरणार्थी हिंदुओं को नागरिकता देने की बात होती है तो पूरी टीएमसी उसका विरोध करती है। टीएमसी हिंदुओं को अपना वोटबैंक नहीं समझती।
इसलिए ये लोग एसआइआर का भी विरोध करते हैं ताकि घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हट न जाएं। यहां तक कि जो लोग मर गए हैं उनका भी नाम मतदाता सूची से निकालने को ये लोग तैयार नहीं है।
'हिंदुओं को दी जा रही खत्म करने की धमकी'
पीएम ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम लिए बिना उनके हालिया एक बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि बंगाल के हिंदुओं को खुलेआम धमकी दी जा रही है कि एक समुदाय आपको कभी भी खत्म कर देंगे। पीएम ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा करोड़ों बंगाली हिंदुओं को खत्म करने की धमकी वाली बात शोभा नहीं देती। हालांकि 48 मिनट के भाषण में पीएम ने ममता का एक बार भी नाम नहीं लिया।
टीएमसी सरकार के जाने का काउंटडाउन शुरू हो चुका
अपराध व भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए पीएम ने कहा कि टीएमसी सरकार गुंडों व अपराधियों की बैशाखी पर चलती है और उन्हें खुलेआम संरक्षण देती है। पीएम ने लोगों से परिवर्तन का आह्वान करते हुए कहा कि बंगाल से इस निर्मम सरकार व महाजंगलराज का अंत होकर रहेगा। टीएमसी की गुंडागर्दी के दिन व इस निर्मम सरकार के जाने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है।
भाजपा की सरकार बनने पर एक तरफ हम सबका साथ सबका विकास का मंत्र लेकर चलेंगे और दूसरी तरफ सबका (टीएमसी संरक्षित हर अपराधी व अत्याचारी का) चुन-चुन कर हिसाब भी लिया जाएगा। बंगाल में कानून का राज लौटेगा। भाजपा सरकार में हर अपराधी, हर घुसपैठिए और तुष्टीकरण की राजनीति करने वालों को खौफ होगा, क्योंकि कानून अपना काम करेगा। ऐसे लोगों को मुंह छिपाने की जगह नहीं मिलेगी।
भाजपा सरकार में अपराधी जेल में होंगे
मोदी ने कहा कि टीएमसी सरकार खुलेआम दुष्कर्मियों को सरंक्षण देती है, अपराधियों को बचाने की कोशिश करती है। संदेशखाली की वह तस्वीरें और टीएमसी का रवैया और आरजी कर अस्पताल की उस डाक्टर बेटी के साथ हुई दरिंदगी बंगाल के लोग भूले नहीं है। टीएमसी खुलेआम अपराधियों के साथ खड़ी नजर आती है। इसी मानसिकता का परिणाम है आज महिलाओं के खिलाफ एसिड अटैक जैसे घिनोने अपराध भी सबसे ज्यादा बंगाल में हो रहे हैं। बंगाल को ऐसे हालात मंजूर नहीं है।
पीएम ने लोगों से भाजपा को एक मौका देने की अपील करते हुए विश्वास दिलाया कि भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित होंगी और अपराधी जेल में होंगे, यह मोदी की गारंटी है। पीएम ने रैली में उमड़े जनसैलाब की ओर इशारा करते हुए कहा कि यहां से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है। बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिख चुका है और लोगों के दिलों में भी छप चुका है।
चुनाव से पहले भाजपा द्वारा बंगाल में एक से 10 मार्च तक आयोजित 5,000 किलोमीटर लंबी राज्यव्यापी परिवर्तन यात्रा का इस रैली के साथ समापन हुआ।
राष्ट्रपति के अपमान का बदला लेंगे बंगाल के लोग
पीएम ने हाल में बंगाल दौरे पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रोटोकाल उल्लंघन के मुद्दे पर भी घेरा। मोदी ने कहा कि बंगाल की निर्मम सरकार में सबसे ज्यादा प्रताडि़त यहां के दलित, आदिवासी और गरीब लोग हैं। कुछ दिन पहले राष्ट्रपति बंगाल आई थीं, लेकिन अहंकार में डूबी इस निर्मम सरकार ने न केवल उस कार्यक्रम का बहिष्कार किया बल्कि बद्इंतजामी के हवाले कर दिया।
टीएमसी वालों को याद रखना होगा कि उन्होंने करोड़ो आदिवासियों, महिलाओं और संविधान का अपमान किया है और देश के सर्वोच्च पद को ठेस पहुंचाई है। टीएमसी को इसका जवाब आगामी चुनाव में बंगाल के लोगों से मिलेगा।
ब्रिगेड मैदान बंगाल की आवाज बनता है
पीएम ने कहा कि कोलकाता का ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास साक्षी है कि जब-जब बंगाल देश को दिशा देता है, यह मैदान बंगाल की आवाज बनता है। इस मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी और उसका नतीजा क्या हुआ, अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का खात्मा हुआ। आज यहां से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है।
मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि टीएमसी ने इस रैली में आने वाले सभी लोगों को शुक्रवार को चोर कहकर गाली दी। उन्होंने कहा कि असली चोर कौन है यह बंगाल की जनता जानती है। मोदी ने कहा कि अपनी कुर्सी जाते हुए देखकर यहां की निर्मम सरकार बौखला गई है। मोदी ने कहा कि आज भी इस विशाल सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए।
आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाडिय़ां रुकवा दी, ट्रैफिक जाम करवाया, भाजपा के झंडे उखड़वा दिए, पोस्टर फोड़ दिए, लेकिन निर्मम सरकार साफ-साफ देख लो- आज के जनसैलाब को रोक नहीं पाई। बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है।
टीएमसी सरकार में नौकरियां खुलेआम बेची जा रही
पीएम ने रोजगार के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि टीएमसी सरकार ने बंगाल के युवाओं को पलायन का अभिशाप दिया है। बंगाल के युवा प्रतिभा व मेहनत में सबसे आगे हैं, लेकिन आज हालत क्या है? यहां का युवा न डिग्री ले पा रहा है और न ही उसे रोजगार मिल रहा है। पहले कांग्रेस, फिर वामपंथी और अब टीएमसी, ये लोग एक के बाद एक आते रहे और अपनी जेबें भरते रहे और बंगाल में विकास कार्य ठप रहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार में नौकरियां खुलेआम बेची जा रही हैं, भर्तियों में घोटाले हो रहे हैं। अब समय आ गया है कि हालात बदलें। पीएम ने टीएमसी सरकार पर केंद्र की विभिन्न योजनाओं का नाम बदलने और इसके क्रियान्वयन में रोड़े अटकाने का भी आरोप लगाया।
मोदी ने कहा कि आप सबने देश भर में प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता के बारे में सुना है। गरीब परिवारों को पक्का घर मिल रहा है। लेकिन यहां क्या हुआ?
योजना का नाम बदल दिया गया, लाभार्थियों की सूची में गड़बड़ की गई और जिन गरीबों को घर मिलना था वे आज भी इंतजार कर रहे हैं। केवल बिजली, पानी, सड़क, घर की बात नहीं है, टीएमसी सरकार अपनी राजनीति की वजह से आयुष्मान योजना को भी लागू नहीं कर रही है। टीएमसी को मरीजों से भी दुश्मनी है।
बंगाल में अपराधियों को खुली छूट
मोदी ने कहा कि बंगाल ने आजादी के बाद विभाजन सहा, विभाजन की आग देखी, मजहबी दंगे देखे, बाद के दशकों में अस्थिरता देखी, घुसपैठ का दौर देखा, रक्तपात सहा, इन सबकी सबसे बड़ी भुक्तभोगी अगर कोई थी तो बंगाल की माताएं, बहनें, महिलाएं थी।
लेफ्ट की सरकार में हत्या, दुष्कर्म और अपहरण का वह दौर कोई नहीं भूल सकता इसलिए आप लोग लेफ्ट को हटाकर बड़ी आशा के साथ टीएमसी को लेकर आए। लेकिन टीएमसी ने लेफ्ट के गुंडों, माफियाओं को ही अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। आज बंगाल में अपराधियों को खुली छूट है, आए दिन बहन-बेटियों के खिलाफ दिल दहलाने वाले अपराध होते हैं।
बंगाल का विकास नेक नीयत से होगा
मोदी ने कहा कि अब बंगाल का विकास नेक नीयत और सही नीतियों से होगा। बंगाल में अभी हमारी सरकार नहीं है लेकिन फिर भी केंद्र सरकार के जरिए भाजपा बंगाल के विकास में लगी है।
पीएम ने रैली से पहले ब्रिगेड मैदान में सरकारी कार्यक्रम के मंच से बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी से जुड़ी लगभग 18,680 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद पीएम का बंगाल का यह पहला दौरा है।
